सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं, जानें फल और सब्जियों से केमिकल और कीटाणु हटाने का सही और सुरक्षित तरीका
Fruits And Vegetable Cleaning Tips: आजकल ज्यादातर लोग बाजार से फल और सब्जियां खरीदकर सीधे घर लाते हैं और धोकर खा लेते हैं. हम सोचते हैं कि साफ पानी से एक-दो बार धोने से सब ठीक हो गया, लेकिन हकीकत थोड़ी अलग है. खेत से मंडी और फिर दुकान तक पहुंचने के दौरान फल-सब्जियों पर कई बार केमिकल स्प्रे होता है ताकि वे लंबे समय तक ताजा दिखें. खेती के दौरान भी पेस्टिसाइड्स का इस्तेमाल होता है, जो इनके छिलके और सतह पर रह जाते हैं. ऊपर से मंडी और दुकान में पड़े रहने से धूल-मिट्टी और सूक्ष्म कीटाणु भी चिपक जाते हैं. ऐसे में अगर हम इन्हें सिर्फ पानी से धोकर खा लेते हैं, तो ये हानिकारक चीजें हमारे शरीर में जा सकती हैं और धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती हैं.
खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर पाचन वाले लोगों के लिए यह और भी जोखिम भरा हो सकता है. इसलिए जरूरी है कि फल-सब्जियों को खाने से पहले सही तरीके से साफ किया जाए. साधारण पानी के अलावा घर में मौजूद कुछ चीजों से बना खास घोल इनके ऊपर जमे केमिकल और कीटाणु को काफी हद तक हटाने में मदद करता है.
क्यों जरूरी है फल-सब्जियों को खास तरीके से धोना
बाजार में मिलने वाले कई फल-सब्जियों पर पेस्टिसाइड्स की परत रहती है. यह परत आंखों से दिखाई नहीं देती, लेकिन शरीर में जाकर पेट दर्द, एलर्जी, उल्टी, संक्रमण जैसी परेशानी बढ़ा सकती है. पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी या सलाद पत्ते में मिट्टी और कीटाणु ज्यादा चिपके रहते हैं. वहीं सेब, अंगूर, स्ट्रॉबेरी जैसे फलों पर वैक्स और केमिकल कोटिंग भी हो सकती है, अगर इन्हें सही तरीके से साफ नहीं किया गया तो ये सीधे पेट में पहुंचते हैं. इसलिए सिर्फ पानी से धोना कई बार काफी नहीं होता.
सबसे आसान तरीका: विनेगर वाले पानी का घोल
घर में रखा साधारण विनेगर फल-सब्जियों को साफ करने में काफी असरदार माना जाता है.
कैसे तैयार करें घोल
-एक बड़े बर्तन में 1 हिस्सा विनेगर लें
-उसमें 3–4 हिस्सा साफ पानी मिलाएं
-घोल को अच्छे से मिला लें
कैसे धोएं
-बाजार से लाए फल-सब्जियों को पहले साधारण पानी से 2–3 मिनट धो लें
-अब उन्हें विनेगर वाले घोल में 15 मिनट डुबोकर रखें
-फिर साफ पानी से दोबारा धो लें
-सूखने दें और फिर ही फ्रिज में रखें
यह तरीका सतह पर मौजूद केमिकल और कीटाणु को कम करने में मदद करता है.
बेकिंग सोडा वाला पानी भी है असरदार
अगर घर में विनेगर नहीं है, तो बेकिंग सोडा भी अच्छा विकल्प है.
घोल बनाने का तरीका:
-2–3 कप पानी लें
-उसमें 1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं
-अच्छे से घोल लें
धोने का तरीका
-फल-सब्जियों को इस घोल में 15 मिनट रखें
-निकालकर साफ पानी से धो लें
-कपड़े से पोंछकर सुखा लें
बेकिंग सोडा सतह पर चिपके पेस्टिसाइड्स को ढीला करने में मदद करता है.
अलग-अलग फल-सब्जियों को ऐसे धोएं
हर फल-सब्जी की बनावट अलग होती है, इसलिए धोने का तरीका भी थोड़ा बदल जाता है.
1. पत्तेदार सब्जियां (पालक, मेथी, सलाद)
पत्तों को अलग-अलग करें, घोल वाले पानी में भिगोएं, फिर बहते पानी से धोएं.
2. छिलके वाले फल (सेब, नाशपाती, खीरा)
घोल में रखने के बाद हल्के हाथ से रगड़कर धोएं.
3. नरम फल (अंगूर, स्ट्रॉबेरी)
ज्यादा देर न रगड़ें, सिर्फ भिगोकर साफ पानी से धोएं.
4. मोटे छिलके वाले (आलू, गाजर)
ब्रश या हाथ से रगड़कर साफ करें.
सिर्फ पानी से धोना क्यों काफी नहीं
साधारण पानी धूल और कुछ गंदगी हटाता है, लेकिन केमिकल की परत को पूरी तरह नहीं हटाता. कई पेस्टिसाइड्स चिकनाई जैसे होते हैं, जो पानी से नहीं निकलते. विनेगर या बेकिंग सोडा जैसे हल्के घोल इन्हें ढीला करते हैं, जिससे धोने पर वे हट जाते हैं.
धोने के बाद स्टोर करने का सही तरीका
फल-सब्जियों को पूरी तरह सूखने दें. गीले होने पर फ्रिज में न रखें. अलग-अलग डिब्बों में रखें. पत्तेदार सब्जियों को पेपर में लपेटकर रखें. इससे वे ज्यादा समय तक ताजा रहते हैं और कीटाणु बढ़ने का खतरा कम रहता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)