‘सिर्फ ड्रग्स और मीटू नहीं है बॉलीवुड’, इंडस्ट्री के बचाव में उतरे सुनील शेट्टी, बोले- गंदा नैरेटिव सेट करना गलत
Last Updated:
सुनील शेट्टी ने फिल्म इंडस्ट्री की छवि को लेकर एक बहुत ही पते की बात कही है. अक्सर लोगों को लगता है कि बॉलीवुड सिर्फ ड्रग्स, विवादों या मीटू जैसे मुद्दों का गढ़ है, लेकिन सुनील शेट्टी का मानना है कि यह एक गलत नैरेटिव है. उन्होंने साफ किया कि इस इंडस्ट्री में बहुत ही शानदार और नेकदिल लोग भी हैं, जो अपने काम को लेकर बेहद संजीदा हैं. उनके मुताबिक, चूंकि सितारे हमेशा लाइमलाइट में रहते हैं, इसलिए टीआरपी और व्यूज के चक्कर में उनके खिलाफ नकारात्मक बातें ज्यादा फैलाई जाती हैं.

सुनील शेट्टी ने बॉलीवुड को लेकर फैली निगेटिविटी पर की बात.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर सुनील शेट्टी पिछले कई सालों से बॉलीवुड का हिस्सा हैं. हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री की खराब की जा रही छवि को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि दर्शकों को यह समझने की जरूरत है कि बॉलीवुड में ऐसे बेहतरीन लोग भी हैं, जो पूरी ईमानदारी से अच्छी और गुणवत्तापूर्ण फिल्में बनाने के लिए समर्पित हैं. उन्होंने इस आम धारणा को खारिज किया कि पूरी इंडस्ट्री नकारात्मकता से भरी हुई है.
बॉलीवुड के सपोर्ट में उतरे सुनील शेट्टी
उन्होंने आगे बॉलीवुड का बचाव करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि इंडस्ट्री में अच्छे लोग नहीं हैं. उनके मुताबिक, ‘बॉलीवुड के बारे में हमेशा एक गलत नैरेटिव सेट किया जाता है. लोग अक्सर कहते हैं कि अगर ड्रग्स की बात है तो बॉलीवुड ही होगा या अगर मी टू की बात है तो सिर्फ बॉलीवुड में ही है. सच यह है कि ऐसा बिल्कुल नहीं है, यहां बहुत से अच्छे और मेहनती लोग भी काम कर रहे हैं.’
गाली-गलौज और बुराई करने से मिलते हैं व्यूज
सुनील शेट्टी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘इस इंडस्ट्री में बहुत ही शानदार और अच्छे लोग हैं. यह सिर्फ बॉलीवुड की बात नहीं है, बल्कि जीवन का एक कड़वा सच बन चुका है. आज के दौर में गाली देना या बुराई करना व्यूज पाने का जरिया बन गया है. टीआरपी तभी मिलती है जब आप किसी को अपशब्द कहते हैं. अब मुद्दा यह नहीं रह गया है कि खबर सही है या नहीं, बल्कि होड़ इस बात की है कि खबर सबसे पहले किसने दी.’
बेटे अहान शेट्टी को हमेशा दी यह खास सीख
अपने बेटे अहान शेट्टी को दिए गुरुमंत्र के बारे में बताते हुए सुनील ने कहा कि वह हमेशा अहान को पहले एक अच्छा इंसान और फिर एक अच्छा एक्टर बनने की सलाह देते हैं. उनका मानना है कि अपनी जड़ों से जुड़े रहना और एक नेक इंसान होना ही आपको जीवन में लंबी रेस का घोड़ा बनाता है. अहान हाल ही में वॉर-ड्रामा फिल्म बॉर्डर 2 में नजर आए थे. यह फिल्म सुनील शेट्टी की मशहूर फिल्म ‘बॉर्डर’ का ही स्पिरिचुअल सीक्वल है. 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया और भारत में कुल 327 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया.
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें