दिल्ली में अवैध घुसपैठ पर पुलिस का बड़ा एक्शन, आदर्श नगर से पकड़े गए 3 बांग्लादेशी, डिपोर्टेशन शुरू
क्राइम न्यूज. दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर इलाके से तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. जांच के बाद सभी को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की फॉरेनर सेल द्वारा चलाए गए विशेष ऑपरेशन के तहत की गई.
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर निगरानी रखी जा रही थी. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध महिलाएं आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास सक्रिय हैं और अवैध गतिविधियों से जुड़ी हो सकती हैं. इनपुट मिलने के बाद फॉरेनर सेल की एक विशेष टीम बनाई गई और इलाके में गुप्त जांच शुरू की गई.
25 फरवरी की सुबह पुलिस टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर तड़के छापा मारा. पुलिसकर्मियों ने पहले अंडरकवर स्टिंग ऑपरेशन किया. पुरुष पुलिसकर्मी संदिग्धों के पास पहुंचे और अवैध गतिविधि के लिए पैसे की पेशकश की. जब संदिग्धों ने सहमति दिखाई तो पहले से तय संकेत दिया गया. इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में ले लिया.
शुरुआती पूछताछ में तीनों ने खुद को भारतीय नागरिक बताया, लेकिन उनके जवाबों में लगातार विरोधाभास सामने आया. पुलिस को शक होने पर विस्तृत जांच की गई. दस्तावेजों की जांच, डिजिटल फुटप्रिंट एनालिसिस और फोटो रिकॉर्ड की जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि तीनों बांग्लादेश की नागरिक हैं और बिना वैध वीजा या पहचान दस्तावेज के भारत में रह रही थीं.
जांच के दौरान पुलिस ने तीन स्मार्टफोन बरामद किए, जिनमें प्रतिबंधित IMO एप इंस्टॉल मिला. इसके अलावा मोबाइल फोन की गैलरी से बांग्लादेश के 10 राष्ट्रीय पहचान पत्र भी बरामद किए गए. सभी सामान को कानून के तहत जब्त कर लिया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई मानव तस्करी और अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने के अभियान का हिस्सा है. ऑपरेशन इंस्पेक्टर विपिन कुमार की निगरानी में और एसीपी फॉरेनर सेल राजीव कुमार के समग्र निर्देशन में अंजाम दिया गया. टीम में एसआई श्यामबीर, एएसआई विजय, हेड कांस्टेबल विक्रम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे.
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान रोजीना उर्फ चमेली, लैला खानम और मारूफा खातून के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को एफआरआरओ के सामने पेश किया, जहां से उनके डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी गई.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.