अंतिम गेंद पर गजब ड्रामा… अंपायर की गलती से पाकिस्तान के खिलाफ हारा श्रीलंका, जयसूर्या- मलिंगा हुए आगबबूला
Last Updated:
umpire rod tucke big blunder in umpiring: श्रीलंका की टीम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर8 मैच में आखिरी गेंद पर हार गई. श्रीलंका की इस हार में अंपायर का अहम रोल रहा जिन्होंने मैच की आखिरी गेंद को वाइड करार नहीं दिया. श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी गेंद पर छह रन चाहिए थे. शाहीन अफरीदी के इस ओवर में दासुन शनाका लगातार तीन छक्के और एक चौका जड़ चुके थे लेकिन अंपायर रॉड टकर की गलती से श्रीलंका को आखिरी गेंद पर हार मिली.

दासुन शनाका की ‘तूफानी’ पारी बेकार, अंपायर रॉड टकर के एक फैसले ने श्रीलंका से छीनी जीत.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पल्लेकेले के मैदान पर क्रिकेट इतिहास का सबसे नाटकीय और विवादास्पद अंत देखने को मिला. श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में मेजबान श्रीलंका जीत के बेहद करीब थी, लेकिन अंपायर रॉड टकर के एक विवादित फैसले ने न केवल दासुन शनाका की मेहनत पर पानी फेर दिया, बल्कि पूरे श्रीलंकाई खेमे को गुस्से से भर दिया. मैच अपने रोमांच के चरम पर था. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में श्रीलंका संघर्ष कर रही थी. जब आखिरी ओवर की शुरुआत हुई, तो श्रीलंका को जीत के लिए 6 गेंदों पर 28 रनों की दरकार थी. पाकिस्तान की ओर से दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार शाहीन शाह अफरीदी गेंद थामे हुए थे. क्रीज पर थे कप्तान दासुन शनाका, जो आज किसी और ही इरादे से मैदान पर उतरे थे.
दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने शाहीन की पहली गेंद पर चौका जड़ा.इसके बाद तीन गेंदों पर लगातार तीन गगनचुंबी छक्के जड़कर पल्लेकेले स्टेडियम में सन्नाटा खींच दिया. पांचवीं गेंद पर डॉट रही. अब समीकरण यह था कि श्रीलंका को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी. शाहीन अफरीदी ने आखिरी गेंद ‘ऑफ-स्टंप’ के काफी बाहर फेंकी. शनाका ने उसे खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले से दूर रही. रिप्ले और विजुअल्स में साफ दिख रहा था कि गेंद ‘वाइड लाइन’ के बाहर थी. अगर अंपायर इसे वाइड करार देते, तो श्रीलंका को एक अतिरिक्त रन और एक अतिरिक्त गेंद मिलती, जिससे मैच का नतीजा बदल सकता था.
दासुन शनाका की ‘तूफानी’ पारी बेकार, अंपायर रॉड टकर के एक फैसले ने श्रीलंका से छीनी जीत.
अंपायर रॉड टकर ने इसे लीगल डिलीवरी कहा
लेकिन अनुभवी अंपायर रॉड टकर ने इसे लीगल डिलीवरी (वैध गेंद) माना और वाइड का सिग्नल नहीं दिया. शनाका मैदान पर ही हतप्रभ रह गए और पाकिस्तान ने यह मुकाबला तकनीकी रूप से जीत लिया. शनाका ने अंपायर से डीआरएस की भी मांग नहीं की. अंपायर के इस फैसले ने श्रीलंकाई डगआउट में आग लगा दी. मुख्य कोच सनथ जयसूर्या और बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा बाउंड्री लाइन के पास बेहद गुस्से में नजर आए. जयसूर्या को अंपायरों से बहस करते और इस फैसले पर आपत्ति जताते देखा गया. मलिंगा, जो खुद खेल की बारीकियों को समझते हैं. उन्हें दासुन शनाका से बात करते हुए देखा गया जहां वह काफी गुस्से में थे.
शनाका की पारी ने हारकर भी जीता दिल
भले ही स्कोरकार्ड पर श्रीलंका यह मैच हार गई हो, लेकिन दासुन शनाका ने साबित कर दिया कि वह दबाव में दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशर्स में से एक हैं. शाहीन अफरीदी जैसे गेंदबाज के खिलाफ आखिरी ओवर में 22 रन कूट देना कोई मामूली बात नहीं है. शनाका की इस पारी ने श्रीलंका को सेमीफाइनल की उम्मीदों के करीब ला खड़ा किया था, लेकिन किस्मत और अंपायरिंग के खराब स्तर ने उनसे यह मौका छीन लिया. कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 76) की शानदार पारी श्रीलंका को पांच रन की करीबी हार से नहीं बचा सकी लेकिन पाकिस्तान को टी20 से बाहर कर दिया जिससे न्यूजीलैंड ग्रुप दो से शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें