बिना अंडे का ऑमलेट? सुबह का नाश्ता बनेगा सॉफ्ट, सिर्फ 1 कप बेसन और कुछ सब्जियां… तैयार होगा टेस्टी एगलेस ऑमलेट
Eggless Omelette Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो जल्दी बन जाए, पेट भी भरे और स्वाद भी शानदार हो, लेकिन रोज-रोज एक जैसा खाना खाने से बच्चे ही नहीं, बड़े भी बोर हो जाते हैं. कई घरों में अंडे का ऑमलेट ब्रेकफास्ट का पसंदीदा ऑप्शन होता है, मगर हर कोई अंडा खाना पसंद नहीं करता. खासकर छोटे बच्चों को अंडे की स्मेल या टेस्ट अच्छा नहीं लगता. ऐसे में अगर आप भी सोचते हैं कि बिना अंडे के ऑमलेट जैसा कुछ बनाया जा सकता है या नहीं, तो इसका जवाब है -हां, बिल्कुल. एगलेस ऑमलेट एक ऐसा आसान और हेल्दी ब्रेकफास्ट है जो देखने में ऑमलेट जैसा लगता है और स्वाद में भी उतना ही मजेदार होता है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें बेसन और ताजी सब्जियों का इस्तेमाल होता है, जो शरीर को जरूरी पोषण देते हैं और लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखते हैं.
इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता, इसलिए मॉर्निंग की भागदौड़ में भी इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. बच्चों के टिफिन, स्कूल स्नैक या शाम की हल्की भूख के लिए भी यह एक बढ़िया विकल्प है. अगर आप रोज के ब्रेकफास्ट में कुछ नया और हेल्दी जोड़ना चाहते हैं, तो एगलेस ऑमलेट आपके लिए परफेक्ट रेसिपी साबित हो सकता है.
एगलेस ऑमलेट बनाने के लिए सामग्री
-बेसन – 1 कप
-प्याज बारीक कटा – 1
-टमाटर बारीक कटा – 1
-हरी मिर्च बारीक कटी – 1
-हरा धनिया – थोड़ा सा
-नमक – स्वाद अनुसार
-हल्दी – ½ छोटा चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
-जीरा – चुटकी भर
-पानी – जरूरत अनुसार
-तेल या बटर – 1 छोटा चम्मच
अगर आप बेसन नहीं लेना चाहते तो सूजी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. सूजी से बना ऑमलेट थोड़ा अलग टेक्सचर देता है और बच्चों को बहुत पसंद आता है.
बैटर तैयार करने का तरीका
सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल लें और उसमें बेसन डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल बनाएं. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा. सही कंसिस्टेंसी ऐसा होनी चाहिए कि पैन पर डालते ही हल्का फैल जाए. अगर आप सूजी से बना रहे हैं तो सूजी में पानी या दही मिलाकर 5-7 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी फूल जाए. इससे ऑमलेट सॉफ्ट बनेगा और पैन पर चिपकेगा नहीं अब तैयार बेसन या सूजी के बैटर में प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, हल्दी, लाल मिर्च और जीरा डालकर अच्छे से मिक्स करें. बैटर में सब्जियां बराबर फैली हों, यह ध्यान रखें.
एगलेस ऑमलेट सेकने का तरीका
गैस पर नॉन-स्टिक तवा या पैन रखें और मीडियम आंच पर गरम होने दें. जब पैन गरम हो जाए तो उस पर थोड़ा तेल या बटर लगाकर हल्का फैला दें. अब एक कलछी बैटर लें और पैन पर डालें. इसे गोल आकार में फैलाएं, ठीक वैसे जैसे ऑमलेट फैलाते हैं. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा मोटा न रखें, वरना अंदर से कच्चा रह सकता है.
इसे मीडियम आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें. जब नीचे की तरफ हल्का सुनहरा रंग दिखने लगे तो स्पैटुला से पलट दें. दूसरी तरफ भी 2 मिनट तक सेकें. जब दोनों तरफ से ऑमलेट गोल्डन ब्राउन और हल्का क्रिस्प दिखने लगे, तो इसे प्लेट में निकाल लें.
सर्व करने का तरीका
गरम-गरम एगलेस ऑमलेट को टोमैटो सॉस, ग्रीन चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं. आप चाहें तो इसे ब्रेड के बीच रखकर सैंडविच भी बना सकते हैं. रोल की तरह फोल्ड करके बच्चों के टिफिन में देना भी आसान रहता है.
रेसिपी को और टेस्टी बनाने के टिप्स
बैटर में कद्दूकस की हुई गाजर या शिमला मिर्च डालें तो स्वाद और रंग दोनों बढ़ेंगे. थोड़ा सा चाट मसाला ऊपर से छिड़कने पर टेस्ट और भी बढ़िया हो जाता है. अगर आपको चीज पसंद है तो सेकते समय ऊपर थोड़ा चीज डाल सकते हैं. सूजी वाला ऑमलेट थोड़ा ज्यादा कुरकुरा बनता है, इसलिए बच्चों के लिए अच्छा लगता है.
क्यों है एगलेस ऑमलेट हेल्दी
यह रेसिपी प्रोटीन से भरपूर बेसन से बनती है, जो शरीर के लिए अच्छा माना जाता है. इसमें डाली गई सब्जियां फाइबर और विटामिन देती हैं. तेल भी बहुत कम लगता है, इसलिए यह हल्का और डाइजेस्ट होने में आसान रहता है. जो लोग अंडा नहीं खाते या वेज ब्रेकफास्ट चाहते हैं, उनके लिए यह एक बढ़िया विकल्प है. वजन संभालने वालों के लिए भी यह अच्छा नाश्ता है क्योंकि यह पेट को देर तक भरा रखता है.
कब-कब बना सकते हैं
-मॉर्निंग ब्रेकफास्ट
-बच्चों का टिफिन
-स्कूल के बाद स्नैक
-शाम की हल्की भूख
-ट्रैवल के लिए रोल