कौन हैं ‘एक्स मुस्लिम’ सलीम वास्तिक? क्यों कट्टरपंथियों के निशाने पर आए गाजियाबाद के यूट्यूबर, अब अस्पताल में लड़ रहे जिंदगी की जंग
Salim Wastik Attack News: शुक्रवार की वो सुबह लोनी की अली गार्डन कॉलोनी के लिए किसी सामान्य दिन जैसी ही थी, लेकिन सलीम वास्तिक के दफ्तर में जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. दो अनजान बाइक सवार, चेहरे पर नकाब और हाथों में धारदार खंजर… हमलावर आए और पलक झपकते ही यूट्यूबर सलीम वास्तिक के गले और पेट को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. खून से लथपथ सलीम जमीन पर गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए. फिलहाल सलीम दिल्ली के GTB अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. उनके गले का ऑपरेशन हो चुका है, लेकिन पेट के घाव इतने गहरे हैं कि आज फिर एक बड़ी सर्जरी होनी है.
सलीम ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जहां उनके 28 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वे अक्सर इस्लाम, मदरसों की शिक्षा और मुस्लिम समाज की आर्थिक स्थिति पर कड़े सवाल उठाते थे. जहां अधिकतर लोग समाज के डर से अपनी विचारधारा छिपा लेते हैं, वहीं सलीम टीवी डिबेट्स में भी बेबाकी से अपनी राय रखते थे. यही बेबाकी अब उनकी जान की दुश्मन बन गई है.
ऑफिस में घुसकर किया हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोनी के अंकुर विहार स्थित अल्वी नगर निवासी सलीम वास्तिक शुक्रवार सुबह अली गार्डन कॉलोनी में स्थित अपने कार्यालय (ऑफिस) में बैठे थे. तभी दो अज्ञात बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे. हमलावरों ने बिना किसी बहस के सलीम पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सलीम के गले को रेतने की कोशिश की और फिर पेट में कई बार चाकू घोंप दिए.
वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं, पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है.
क्या ‘हलाला’ और ‘कुरान’ पर टिप्पणी बनी वजह?
पुलिस की प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों की मानें तो यह हमला अचानक नहीं हुआ. सलीम वास्तिक लंबे समय से कट्टरपंथियों के निशाने पर थे. उन्होंने इस्लाम को एक ‘विदेशी मजहब’ करार दिया था और अक्सर सवाल करते थे कि मुसलमानों के मन में हिंदुओं के प्रति नकारात्मकता क्यों है? आरोप है कि सलीम को कई बार चेतावनी दी गई थी कि वे इस्लाम और हलाला जैसे विषयों पर बोलना बंद करें. लेकिन जब वे नहीं रुके, तो उन्हें रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रची गई. आरोपियों का मानना था कि सलीम की बयानबाजी समाज के लिए ‘खतरा’ है.
AIMIM नेता से लेकर बिल्डर तक घेरे में
सलीम के बेटे उस्मान ने इस मामले में खामोश बैठने के बजाय पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने उस्मान की तहरीर पर भाटी बिल्डर, AIMIM नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. परिजनों का आरोप है कि यह हमला महज दो बाइक सवारों की सनक नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक सोची-समझी साजिश है, जिसके तार स्थानीय रसूखदार लोगों से जुड़े हैं. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इन हमलावरों को इन्हीं नामजद आरोपियों ने ‘सुपारी’ दी थी?
हालत अब भी गंभीर
सलीम वास्तिक को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. उनके गले का ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, लेकिन पेट के घाव गहरे होने के कारण आज एक और बड़ा ऑपरेशन किया जाना है. सलीम के समर्थक और परिवार वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव
गाजियाबाद पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए कई टीमें गठित की हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात बाइक सवार हमलावरों की पहचान की जा सके. इस हमले के बाद लोनी और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भारी आक्रोश है. वहीं, लोनी थाना अध्यक्ष का कहा कि सलीम वास्तिक पर हमला गंभीर मामला है. हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं, चाहे वह वैचारिक रंजिश हो या कोई आपसी विवाद. आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा.