पिता के अंतिम संस्कार के बाद टीम इंडिया से शनिवार को जुड़ेंगे रिंकू सिंह, ईडन गार्डन्स में रविवार को वेस्टइंडीज से होगी जंग
Last Updated:
Rinku Singh rejoin Team India Kolkata: कहते हैं कि खेल केवल हार-जीत का नाम नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ी के धैर्य और मानसिक शक्ति की परीक्षा भी है. भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे रिंकू सिंह इस समय एक ऐसे ही कठिन दौर से गुजर रहे हैं. व्यक्तिगत दुख के पहाड़ और राष्ट्रीय कर्तव्य के बीच संतुलन बनाते हुए, रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया के साथ जुड़ने जा रहे हैं.

रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया से जुड़ेंगे.
नई दिल्ली. पिता के निधन के गम को पीछे छोड़ भारतीय क्रिकेट का ‘फिनिशर’ रिंकू सिंह एक बार फिर राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने के लिए तैयार है. बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद रिंकू शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले निर्णायक सुपर 8 मुकाबले से पहले रिंकू का लौटना टीम के लिए मानसिक मजबूती का काम करेगा. ईडन गार्डन्स में रिंकू सिंह का रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है, वहां उनकी मौजूदगी वेस्टइंडीज टीम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगी. वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ‘सुपर 8’ मुकाबले से पहले रिंकू का टीम में लौटना न केवल उनके जज्बे को सलाम है, बल्कि भारतीय खेमे के लिए एक भावनात्मक संबल भी है.
रिंकू सिंह (Rinku Singh) के पिता खानचंद का शुक्रवार तड़के लीवर कैंसर के कारण निधन हो गया. वह ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थेण् रिंकू वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा हैं. वह गुरुवार रात को चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे ताकि अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें. बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, ‘रिंकू सिंह कल कोलकाता में टीम के साथ जुड़ेंगे.’ यह बयान स्पष्ट करता है कि बोर्ड और टीम प्रबंधन इस कठिन समय में पूरी तरह से रिंकू के साथ खड़ा है.
रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया से जुड़ेंगे.
मैदान से अस्पताल तक का संघर्ष
रिंकू सिंह के लिए पिछला एक सप्ताह भावनाओं के उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. जब उनके पिता की स्थिति बिगड़ी, तब भी वे उनके साथ थे. पिता की हालत में थोड़े सुधार की उम्मीद के बीच वे जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए चेन्नई पहुंचे थे, हालांकि वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. पिता के निधन की खबर मिलते ही वे फिर घर लौटे और अब अंतिम विदाई देने के बाद सीधे कोलकाता के ईडन गार्डन्स के लिए उड़ान भरेंगे.
क्रिकेट जगत ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के प्रमुख प्रेम मनोहर गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘रिंकू के परिवार में अभी खुशियों ने दस्तक दी ही थी, उनकी शादी भी तय हो गई थी. ऐसे समय में पिता का जाना बहुत पीड़ादायक है.’ बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी सोशल मीडिया के जरिए संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान शिव से रिंकू को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की.
रिंकू का ‘दूसरा घर’ है ईडन गार्डन्स
कोलकाता का ईडन गार्डन्स रिंकू सिंह के लिए बेहद खास है. आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेलते हुए उन्होंने इसी मैदान पर अपनी पहचान बनाई है. वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला यह ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ भारत के लिए बेहद अहम है. रिंकू की टीम में वापसी मिडिल ऑर्डर को वह मजबूती और फिनिशिंग टच दे सकती है, जिसकी जरूरत विंडीज के खिलाफ बड़े मुकाबले में होगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें