इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट… 6 गेंदों में पलटी बाजी, 2 बल्लेबाजों ने हार के मुंह से छीन ली जीत
Last Updated:
Turning Point: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर सुपर 8 में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. एक समय कीवी टीम जीत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन 18वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स द्वारा दिए गए 22 रनों ने मैच का रुख पलट दिया. रेहान अहमद और विल जैक्स की सातवें विकेट के लिए नाबाद 44 रनों की तूफानी साझेदारी ने न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. हार के बावजूद बेहतर रन रेट के कारण न्यूजीलैंड की उम्मीदें अब भी जीवित है.

इंग्लैंड की जीत में फिलिप्स का ओवर बना टर्निंग पॉइंट.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर कब पासा पलट जाए, कोई नहीं जानता. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने हारी हुई बाजी पलटते हुए न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही कीवी टीम को रेहान अहमद और विल जैक्स की बेखौफ बल्लेबाजी ने चारों खाने चित कर दिया. इस धमाकेदार जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सुपर-8 में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल के शिखर पर रहते हुए गर्व के साथ सेमीफाइनल में कदम रखा.
मैच अपने अंतिम पड़ाव पर था और न्यूजीलैंड की पकड़ मजबूत नजर आ रही थी. कप्तान मिचेल सैंटनर ने गेंद अनुभवी ग्लेन फिलिप्स को सौंपी. लेकिन 18वें ओवर की पहली ही गेंद से कहानी बदल गई. फिलिप्स की लाइन-लेंथ का फायदा उठाते हुए इंग्लिश बल्लेबाजों ने उन पर धावा बोल दिया. इस ओवर में 22 रन बटोरकर इंग्लैंड ने मैच का रुख पूरी तरह अपनी ओर मोड़ लिया. फिलिप्स का यह ओवर न्यूजीलैंड के लिए काल साबित हुआ और जो दबाव उन्होंने पिछले 17 ओवरों में बनाया था, वह ताश के पत्तों की तरह ढह गया.
इंग्लैंड की जीत में फिलिप्स का ओवर बना टर्निंग पॉइंट.
रेहान अहमद और विल जैक्स की ‘मैच विनिंग’ जुगलबंदी
जब इंग्लैंड ने अपने छह विकेट गंवा दिए थे, तब लग रहा था कि न्यूजीलैंड सेमीफाइनल की रेस में अपनी जगह पक्की कर लेगा. लेकिन रेहान अहमद और विल जैक्स के इरादे कुछ और ही थे. दोनों ने सातवें विकेट के लिए नाबाद 44 रनों की आतिशी साझेदारी की. जहां अनुभवी बल्लेबाज फेल रहे, वहां युवा रेहान अहमद ने गजब का आत्मविश्वास दिखाया और विल जैक्स ने अपनी पावर-हिटिंग से कीवी गेंदबाजों को लाचार कर दिया. इन दोनों ने मिलकर न केवल स्कोरबोर्ड को गति दी, बल्कि कीवी कप्तान की हर रणनीति को विफल कर दिया. जैक्स ने 18 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन बनाए वहीं रेहान अहमद ने 7 गेंदों पर दो छक्कों और एक चौके की मदद से नाबाद 19 रन की मैच विनिंग पारी खेली.
सुपर-8 का किंग बना इंग्लैंड
इस जीत के साथ इंग्लैंड का सफर सुपर-8 चरण में बेमिसाल रहा है. अपने तीनों मैच जीतकर इंग्लैंड की टीम ने यह साबित कर दिया है कि वे खिताब बचाने के प्रबल दावेदार क्यों हैं. टेबल टॉपर होने के नाते अब वे सेमीफाइनल में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे. उनकी बल्लेबाजी गहराई और अंतिम ओवरों में मैच पलटने की क्षमता विपक्षी टीमों के लिए खतरे की घंटी है.
न्यूजीलैंड के लिए उम्मीदें अब भी बाकी
भले ही न्यूजीलैंड के लिए यह हार दिल तोड़ने वाली रही, लेकिन उनका वर्ल्ड कप का सफर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. पॉइंट्स टेबल में उनके पिछले प्रदर्शन और नेट रन रेट की वजह से न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं. हालांकि, उन्हें पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच के नतीजे पर पूरी तरह निर्भर रहना होगा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें