Rose Plant Care: लहसुन स्प्रे से कीड़े भगाएं, गुलाब में आएंगे बड़े और चमकदार फूल
Last Updated:
Rose Plant Care Gardening Tips: गुलाब के पौधों में लगने वाले कीड़े और फंगस अक्सर अच्छे-भले बगीचे को बर्बाद कर देते हैं. अमूमन लोग इसके लिए बाजार में मिलने वाले रसायनों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके घर की रसोई में मौजूद कुछ आम ऐ चीजें इन जहरीली दवाओं का सबसे सुरक्षित विकल्प बन सकती है. इसके इस्तेमाल से न केवल पौधों की जड़ों की सुरक्षा होती है, बल्कि पत्तियों का मुड़ना भी रुक जाता है. आखिर क्या है वह घरेलू तरीका जिसे अपनाने के बाद आपको किसी और कीटनाशक की जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं.
गार्डनिंग का शौक रखने वालों के लिए गुलाब के पौधों को कीड़ों से बचाना सबसे बड़ी चुनौती होती है. अक्सर लोग बाजार में मिलने वाले जहरीले रसायनों का इस्तेमाल करते हैं, जो पौधों और मिट्टी को नुकसान पहुंचा सकते हैं. लेकिन हमारे किचन में मौजूद लहसुन और नीम जैसे प्राकृतिक उपाय गुलाब के लिए वरदान साबित होते हैं. ये तरीके न केवल सस्ते हैं, बल्कि पर्यावरण और आपके घर के बच्चों व पालतू जानवरों के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित हैं.
लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह पौधों के लिए एक बेहतरीन रक्षक भी है. इसकी तेज गंध छोटे-छोटे कीड़ों और एफिड्स को पौधे के पास आने से रोकती है. बाजार की दवाओं के मुकाबले लहसुन का इस्तेमाल मिट्टी के लिए फायदेमंद है. यह बिना किसी नुकसान के कीड़ों को भगा देता है.
अगर आप चाहते हैं कि कीड़े जड़ों के पास न आएं, तो गमले की मिट्टी में लहसुन की 2-3 कलियां 1-2 इंच गहरा दबा दें. लहसुन की गंध मिट्टी के अंदर फैल जाती है, जो जड़ों को सुरक्षित रखती है और कीड़ों को पनपने का मौका नहीं देती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पत्तियों को बचाने के लिए लहसुन का स्प्रे सबसे अच्छा है. इसे बनाना बहुत सरल है. 4-5 लहसुन की कलियों को पीसकर एक लीटर पानी में मिला दें और 12 घंटे तक छोड़ दें. इससे लहसुन का सारा असर पानी में आ जाएगा और एक शक्तिशाली नेचुरल कीटनाशक तैयार हो जाएगा.
12 घंटे बाद इस पानी को कपड़े से छान लें और स्प्रे बोतल में भर लें. इसे हर हफ्ते अपने गुलाब के पौधों पर छिड़कें. यह स्प्रे कीड़ों को पत्तियों पर चिपकने नहीं देता, जिससे पत्तियां साफ रहती हैं और पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है.
लहसुन के इस्तेमाल से न केवल कीड़े कम होते हैं, बल्कि पत्तियों का मुड़ना भी बंद हो जाता है. यह पौधों में लगने वाली फंगस को भी रोकता है. इस तरीके से गुलाब के पौधे ज्यादा मजबूत बनते हैं और उनमें आने वाले फूल बड़े और चमकदार होते हैं. यह आपके गार्डन को हरा-भरा रखने का सबसे सस्ता तरीका है.
लहसुन स्प्रे का इस्तेमाल करते समय एक बात याद रखें कि इसे हमेशा शाम के समय ही छिड़कें. तेज धूप में स्प्रे करने से पौधों की नाजुक पत्तियां झुलस सकती हैं. साथ ही, पहली बार इस्तेमाल करते समय इसे पौधे की सिर्फ एक पत्ती पर डालकर देखें. अगर पत्ती ठीक रहती है, तो आप पूरे पौधे पर बेझिझक छिड़काव कर सकते हैं.
लहसुन के अलावा नीम का तेल (Neem Oil) भी कीड़ों को भगाने का अचूक उपाय है. एक लीटर गुनगुने पानी में एक चम्मच नीम का तेल और दो-तीन बूंद लिक्विड सोप मिलाएं. इस घोल का छिड़काव करने से चिपचिपे कीड़े और मिलीबग तुरंत खत्म हो जाते हैं. नीम का तेल कीड़ों के चक्र को तोड़ देता है, जिससे वे दोबारा पैदा नहीं होते हैं.
आजकल की भागदौड़ में लोग रसायनों के पीछे भागते हैं, लेकिन लहसुन जैसे घरेलू उपाय सबसे सुरक्षित होते हैं. यह नुस्खा न सिर्फ आपके पैसे बचाता है बल्कि घर के बच्चों और पालतू जानवरों के लिए भी सुरक्षित है. बस थोड़ा सा ध्यान देकर आप बिना किसी बड़े खर्च के अपने गार्डन में सुंदर और स्वस्थ गुलाब खिला सकते हैं.