Doda Barfi: गेहूं से बनती है यह खास डोडा बर्फी, सारी मिठाइयों की बाप, स्वाद में तगड़ी, बनाने में आसान, रेसिपी! – Bihar News
Last Updated:
Doda Barfi Recipe: अंकुरित गेहूं और दूध से बनने वाली खास डोडा बर्फी स्वादिष्ट और पौष्टिक दोनों होती है. इसे बनाने की प्रक्रिया के बारे में समस्तीपुर के कारीगर रणधीर कुमार ने विस्तार से जानकारी दी. इसका स्वाद बाकी मिठाइयों से अलग हटकर होता है.
समस्तीपुर. अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं और अक्सर बाजार से अलग-अलग तरह की बर्फी खरीदकर खाते हैं, तो अब वही स्वाद आप घर पर भी तैयार कर सकते हैं. गेहूं के अंकुर से बनने वाली डोडा बर्फी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. आजकल लोग मिठाइयों के लिए पूरी तरह बाजार पर निर्भर हो गए हैं, जबकि घर में उपलब्ध साधारण सामग्री से भी पौष्टिक और शुद्ध मिठाई बनाई जा सकती है.
अंकुरित गेहूं में भरपूर फाइबर, प्रोटीन और प्राकृतिक पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इसे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए उपयुक्त बनाते हैं. खास बात यह है कि इसमें मिलावट की चिंता नहीं रहती और स्वाद भी पारंपरिक देसी अंदाज का मिलता है.
ऐसे तैयार होता है अंकुरित गेहूं और बर्फी का मिश्रण
कारीगरों के अनुसार इसकी तैयारी की प्रक्रिया बेहद आसान है. सबसे पहले साफ गेहूं को अच्छी तरह धोकर दो दिनों तक पानी में भिगोकर रखें, ताकि उसमें हल्का अंकुर निकल आए. अंकुर निकलने के बाद उसे हल्का सुखाकर मिक्सी में दरदरा पीस लें. अब एक कड़ाही में दूध गरम करें और उसमें पिसा हुआ गेहूं डाल दें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, क्योंकि यह मिश्रण जल्दी तले में लग सकता है.
जब दूध गाढ़ा होने लगे तो स्वादानुसार चीनी या गुड़ मिलाएं. चाहें तो इलायची पाउडर, काजू, बादाम और नारियल लच्छा भी डाल सकते हैं. मिश्रण जब कड़ाही छोड़ने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब समझिए कि यह जमने के लिए तैयार है. घी लगी थाली में इसे फैलाकर ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें.
समस्तीपुर की खास विधि कारीगर रणधीर कुमार की सलाह
समस्तीपुर में डोडा बर्फी तैयार करने की विशेष शैली भी लोकप्रिय है. स्थानीय कारीगर रणधीर कुमार बताते हैं कि अगर 10 लीटर दूध से बर्फी बनानी हो तो करीब 250 ग्राम अंकुरित दलिया पर्याप्त होता है. दूध में पिसा हुआ गेहूं डालने पर दूध अपने आप फट जाता है, और अगर ऐसा न हो तो लगभग 200 ग्राम दही मिलाने से प्रक्रिया पूरी हो जाती है. इसे धीमी आंच पर कम से कम 5 से 6 घंटे तक पकाना चाहिए, ताकि दाना-दाना अलग दिखे और स्वाद हल्का भुना और खुशबूदार बने.
लगभग आधा किलो देसी घी मिलाने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है. बजट के अनुसार सूखे मेवे और नारियल लच्छा डाल सकते हैं. पकने के बाद मिश्रण को ठंडा कर समतल स्थान पर फैलाकर चाकू से काट लें. तैयार डोडा बर्फी न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि पौष्टिकता से भी भरपूर रहती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें