26 छापे, 35 नमूने, 1394 किलो खाद्य सामग्री अब तक नष्ट, आगरा से आई मिठाइयों का खुला राज
आजमगढ़ : होली पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने सघन जांच अभियान के तहत बड़ी छापेमारी कर 13.5 कुंतल संदिग्ध खोवा, पनीर और मिठाइयों को नष्ट कराया. इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है.
सघन अभियान से मिलावटखोरों में हड़कंप
होली त्यौहार के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने जिले भर में जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में जनपद में एक बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य पदार्थ पकड़े गए. विभाग की इस सख्ती से बाजार में मिलावटी सामान बेचने वालों में खलबली मची हुई है.
सेहदा इलाके में बड़ी छापेमारी
जनपद के सेहदा इलाके में संचालित पनीर एवं खाद्य भंडारण इकाई पर बुधवार को छापेमारी की गई. यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल द्वारा की गई. छापेमारी के दौरान आगरा से लाकर संग्रहित किए गए खाद्य पदार्थों की गहन जांच की गई.
11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे गए
कार्रवाई के दौरान 02 खोया, 01 पनीर, 01 काजू बर्फी और 01 स्पेशल बर्फी के नमूने लिए गए. जांच में पाया गया कि खाद्य सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई थी. मिलावट की आशंका के चलते कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके.
13.5 कुंतल खाद्य सामग्री की गई नष्ट
जांच के दौरान लगभग 548 किलोग्राम खोया जिसकी कीमत ₹1,64,400 आंकी गई, 149 किलोग्राम पनीर ₹44,700, 24 किलोग्राम काजू बर्फी ₹19,200 और 648 किलोग्राम स्पेशल बर्फी ₹99,200 जब्त की गई. कुल मिलाकर लगभग 13.5 कुंतल खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹3,27,500 बताई जा रही है, मौके पर ही नष्ट कराई गई.
अन्य बाजारों से भी लिए गए नमूने
इसके अलावा बोंगरिया बाजार, मेंहनगर, गोपालपुर, खरिहानी और मेंहनगर चौराहा से भी बेसन, सरसों का तेल, खोया, छेना मिठाई और गुलाब जामुन मिक्स समेत 6 अन्य नमूने संग्रहित किए गए. इन सभी नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है.
अब तक की कार्रवाई के आंकड़े
विभाग द्वारा अब तक चलाए गए अभियान में 26 छापेमारी की जा चुकी है. इस दौरान कुल 35 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं. करीब 940 किलोग्राम खाद्य पदार्थ सीज किए गए हैं, जबकि 1394 किलोग्राम मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की जा चुकी है.
त्यौहार तक जारी रहेगा अभियान
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि होली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए खोया, पनीर और मिठाइयों के भंडारण एवं बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है. मिलावटी खाद्य पदार्थ पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभाग का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके.