भारत के खिलाफ मैच में रजा बनेंगे जिम्बाब्वे के ‘सिकंदर’! इतिहास रचने से बस इतनी दूर
Last Updated:
Sikandar Raza 3000 T20I Runs: कप्तान सिकंदर रहा जिम्बाब्वे के लिए इतिहास रचने की दहलीज पर हैं. भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में जब वह बैटिंग करने उतरेंगे तो उनकी नजरें 15 रन बनाने पर होंगी. ऐसा करते ही वह टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन का आंकड़ा पूरा कर लेंगे और जिम्बाब्वे के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले क्रिकेटर बन जाएंगे.

इतिहास रचने की दहलीज पर सिकंदर रजा.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप में आज शाम का सुपर-8 मैच भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा, जिसपर सभी की निगाहें होंगी. चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत के लिए करो या मरो जैसा ही है. हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें तो भारत का पलड़ा भारी है, जिम्बाब्वे की टीम को कम आंकने की गलती टीम इंडिया पर भारी पड़ सकती है. जिम्बाब्वे की टीम ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका की टीमों का हराकर यहां तक पहुंची है, जिसमें टीम के कप्तान सिकंदर रजा का अहम रोल रहा है. सिकंदर रजा की कोशिश भारत के खिलाफ भी उलटफेर करने की होगी. जीत के अलावा सिकंदर रजा की नजरें एक पर्सनल माइलस्टोन पर भी होंगी, जिससे वह सिर्फ 15 रन दूर हैं.
दरअसल, सिकंदर रजा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाले जिम्बाब्वे के पहले खिलाड़ी बनने से सिर्फ 15 रन दूर हैं. जिम्बाब्वे के कप्तान रजा चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन भारत के खिलाफ होने वाले करो या मरो मैच में यह खास उपलब्धि हासिल करना चाहेंगे. रजा ने अब तक 131 मैचों की 126 पारियों में 2985 रन बनाए हैं. उनका औसत 26.18 है. इस सबसे छोटे फॉर्मेट में उन्होंने 16 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है.
इतिहास रचने से 15 रन दूर रजा.
अगर रजा 3000 रन पूरे कर लेते हैं, तो वह टी20 इंटरनेशनल में 3000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले 14वें खिलाड़ी बन जाएंगे. उनसे पहले बाबर आजम, रोहित शर्मा, विराट कोहली, जोस बटलर, पॉल स्टर्लिंग, मार्टिन गप्टिल, मोहम्मद रिजवान, मुहम्मद वसीम, डेविड वॉर्नर, सूर्यकुमार यादव, विरंदीप सिंह, एरॉन फिंच और क्विंटन डी कॉक यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
उलटफेर करने पर जिम्बाब्वे की नजर
जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रयान बर्ल ने माना कि भारत के खिलाफ होने वाला सुपर 8 मुकाबला बहुत अहम है. सुपर 8 के अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए उस मैच में जिम्बाब्वे 255 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 107 रनों से हार गया था. दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बहुत जरूरी है, क्योंकि दोनों की नजरें सेमीफाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं. भारत भी दबाव में है, क्योंकि उसे अपने पहले सुपर 8 मैच में 76 रनों से हार झेलनी पड़ी थी.
रयान बर्ल ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह हमारे लिए करो या मरो का मैच है और भारत के लिए भी. यह वर्ल्ड कप का मुकाबला है, इसलिए दांव पर बहुत कुछ लगा है. अगर हमें सेमीफाइनल में पहुंचना है, तो हमें कल का मैच जीतना होगा. हम इस मुकाबले को लेकर उत्साहित हैं. हमें भारत के खिलाफ ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिलता, इसलिए हम इस अवसर का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें