‘दिल और दिमाग दोनों को छूती है’, तापसी पन्नू की ‘अस्सी’ ने जावेद अख्तर को इम्प्रेस किया, बताया- मास्टरपीस

Share to your loved once


नई दिल्ली. अनुभव सिन्हा निर्देशित ‘अस्सी’ को बॉलीवुड के दिग्गज लेखक-गीतकार जावेद अख्तर से खास तारीफ मिली. उन्होंने फिल्म को अनोखी बताया, जो ‘दिल और दिमाग दोनों को एक साथ छूती है’. उन्होंने कहा कि फिल्म न सिर्फ संवेदनशील कहानी कहती है, बल्कि समाज के सामने गंभीर और असहज सवाल भी रखती है. खास बात यह है कि यह आसान समाधान नहीं देती, बल्कि दर्शकों को सोचने के लिए मजबूर करती है. जावेद अख्तर की इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है.

इंडिया टुडे से बातचीत में जावेद अख्तर ने कहा, ‘कुछ तस्वीरें आपके दिल को छूती हैं और कुछ फिल्में बौद्धिक स्तर पर काम करती हैं, वे आपके दिमाग को उलझाती हैं. लेकिन बहुत कम फिल्में एक ही समय में आपके दिल और दिमाग दोनों को छूने में कामयाब होती हैं. मेरा मानना है कि ‘अस्सी’ ऐसी ही एक फिल्म है.’

तापसी पन्नू की ‘अस्सी’ मास्टरपीस

उन्होंने फिल्म को मास्टरपीस बताते हुए कहानी की गहराई पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘यह एक गहरी भावनात्मक कहानी है जो आम लोगों को रास आएगी. लेकिन दूसरे स्तर पर, यह कुछ बहुत गंभीर सवाल छोड़ती है. यह आसान जवाब नहीं देती. बल्कि, यह उन सवालों को समाज के सामने रखती है.’ जावेद अख्तर ने फिल्म के विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि जो कोई भी गहराई से सोचता है, जो अपने आसपास हो रही घटनाओं पर ध्यान देता है, वह इस फिल्म को देखकर उस पर मनन करेगा. उन्होंने कहा, ‘इसे बहुत ही सुंदर और सम्मोहक तरीके से पेश किया गया है. अंततः, फिल्म आपको जवाब और सवाल दोनों के साथ छोड़ती है.’

क्या है फिल्म ‘अस्सी’ की कहानी?

‘अस्सी’ तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा की ‘मुल्क’ (2018) और ‘थप्पड़’ (2020) के बाद तीसरी फिल्म है, जो वो साथ में कर रहे हैं. फिल्म में कानी कुस्रुति एक यौन उत्पीड़न की शिकार महिला की भूमिका में हैं, जबकि तापसी पन्नू उनकी वकील बनी हैं. फिल्म का नाम ‘अस्सी’ (80) इसलिए रखा गया है क्योंकि भारत में हर दिन औसतन 80 यौन उत्पीड़न के मामले दर्ज होते हैं. निर्देशक अनुभव सिन्हा के अनुसार, ‘हर 18-20 मिनट में कुछ ऐसा होता है.’फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा, रेवती, मनोज पाहवा, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं .

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 5वें दिन 70 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 5.6 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़, दूसरे और तीसरे दिन 1.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP