राजधानी में कहां लगे दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे? 3 साल की मासूम का अपहरण और 1 घंटे में करिश्मा की कहानी
Last Updated:
Delhi Crime News: दिल्ली के अशोक विहार में आधी रात को 3 साल की बच्ची के अपहरण से हड़कंप मच गया. लेकिन नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर न सिर्फ आरोपी अमित को दबोचा, बल्कि बच्ची को भी सुरक्षित बचा लिया. पुलिस की इस जांबाजी देख जनता ने ‘दिल्ली पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए.

राजधानी में कहां लगे दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे?
नई दिल्ली. आधी रात का ‘ऑपरेशन शक्ति’ और जब खाकी ने निभाया अपना फर्ज. राजधानी दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में बीती 22 फरवरी की रात किसी खौफनाक फिल्म के सीन जैसी थी. बजाज फैक्ट्री के पास से एक 3 साल की मासूम बच्ची का अचानक अपहरण हो गया. रात के सन्नाटे में जब माता-पिता की चीखें गूंजी तो मामला तुरंत दिल्ली पुलिस तक पहुंचा. लेकिन इस बार पुलिस ने जो मुस्तैदी दिखाई, उसने खाकी के प्रति जनता के भरोसे को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया.
एक कॉल और एक्शन में आई पुलिस
22 फरवरी 2026 की रात को पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को एक सूचना मिली कि वजीरपुर इलाके से एक छोटी बच्ची को अगवा कर लिया गया है. मामला मासूम बच्चे से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने इसे ‘ब्लाइंड किडनैपिंग’ मानकर तुरंत घेराबंदी शुरू की. अशोक विहार के एसीपी आकाश रावत के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई, जिसमें एसएचओ प्रमोद कुमार और चौकी इंचार्ज रोहित चाहर शामिल थे. रात का वक्त था और अपराधी का कोई सुराग नहीं था, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी.
तकनीकी जाल में फंसा आरोपी अमित
पुलिस की कार्यप्रणाली इस केस में किसी मास्टरक्लास से कम नहीं थी. एक टीम ने औद्योगिक क्षेत्र की हर गली के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. दूसरी टीम ने गुप्त सूचनाओं के जरिए संदिग्ध की पहचान अमित 47 वर्ष के रूप में की, जो वहीं की एक फैक्ट्री में काम करता था. टेक्निकल सर्विलांस के जरिए अमित का मोबाइल नंबर मिला, उसे रियल-टाइम ट्रैकिंग पर डाल दिया गया. महज कुछ ही मिनटों में पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन मिल गई. पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की और एक घंटे के भीतर आरोपी अमित को धर दबोचा.
‘दिल्ली पुलिस जिंदाबाद’: जब खुशी से रो पड़ी जनता
जब पुलिस टीम उस छोटी बच्ची को सही-सलामत गोद में लेकर वापस मौके पर पहुंची, तो वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी. रात के उस पहर में अपनी बेटी को सुरक्षित देख माता-पिता के आंसू छलक पड़े. पुलिस की इस फुर्ती को देख वहां मौजूद भीड़ ने ‘दिल्ली पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए. यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
पुलिस ने आरोपी अमित के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. अशोक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस अब इस अपहरण के पीछे के असली मकसद की जांच कर रही है.
About the Author
भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले रविशंकर सिंह सहारा समय न्यूज चैनल, तहलका, पी-7 और लाइव इंडिया न्यूज चैनल के अलावा फर्स्टपोस्ट हिंदी डिजिटल साइट में भी काम कर चुके हैं. राजनीतिक खबरों के अलावा…और पढ़ें