Gajar Ka Halwa Recipe | Pahadi Special Gajar Halwa | गाजर का हलवा रेसिपी | घर पर आसानी से गाजर का हलवा बनाएं |

Share to your loved once


Last Updated:

Gajar ka Halwa Recipe: सर्दियों के आखिर में अगर आपने अब तक गाजर का हलवा नहीं चखा है, तो इस बार पहाड़ी स्टाइल में इसे जरूर बनाएं. लकड़ी की धीमी आंच, लोहे की कढ़ाई और बद्रीगाय के शुद्ध घी से तैयार यह खास हलवा स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना है. बागेश्वर की गृहिणी रेखा देवी के अनुसार, इस पारंपरिक तरीके से बना हलवा सामान्य हलवे से बिल्कुल अलग होता है, जिसमें सोंधी स्मोकी खुशबू और गाढ़ा स्वाद मिलता है. गुड़, खोया और सूखे मेवों से तैयार यह हलवा न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को ऊर्जा और गर्माहट भी देता है. एक बार इसका स्वाद चखने के बाद इसे भूल पाना मुश्किल हो जाता है.

Gajar ka Halwa Recipe: सर्दियों की विदाई के साथ ही गाजर का सीजन भी खत्म होने को है. ऐसे में अगर अपने अब तक गाजर का हलवा नहीं चखा है तो आप इस बार पहाड़ स्टाइल में गाजर का हलवा बनाकर चखें. इसका स्वाद आपको बरसो तक याद रहेगा. बागेश्वर की रहने वाली गृहणी रेखा देवी बताती हैं कि पहाड़ी गाजर का हलवा बनाने का तरीका मैदानी इलाकों से बिल्कुल अलग है. यहां इस हलवे को बनाने के लिए चूल्हे की लकड़ी वाली आग का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसमें एक अनोखी स्मोकी खुशबू समा जाती है. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसका लोहे की कढ़ाई में बनना और बद्रीगाय के शुद्ध घी का उपयोग है, जो इसे पोषण से भरपूर भी बनाता है.

गाजर का हलवा बनाने के लिए सामग्री
पहाड़ी स्टाइल इस जायकेदार हलवे को तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजी, लाल और मीठी गाजरों का चयन किया जाता है, जिन्हें बारीक कद्दूकस करके रखा जाता है. इस रेसिपी की मुख्य जान पहाड़ी बद्रीगाय का शुद्ध देसी घी और पहाड़ का शुद्ध मावा (खोया) होता है, जो हलवे को मलाईदार बनाता है. मिठास के लिए इसमें गुड़ या चीनी का उपयोग किया जाता है, जबकि पोषण बढ़ाने के लिए स्थानीय पहाड़ी अखरोट, काजू और किशमिश जैसे मेवे डाले जाते हैं. इस पूरी विधि में चूल्हे की सूखी लकड़ियां और लोहे की भारी कढ़ाई सबसे महत्वपूर्ण साधन होते हैं, जो हलवे को आयरन और एक सौंधी स्मोकी खुशबू से भर देते हैं.

बद्रीगाय के घी में गाजर की भुनाई
पहाड़ी गाजर का हलवा बनाने की शुरुआत कद्दूकस की हुई गाजर को घी में भूनने से होती है. इसके लिए चूल्हे पर लोहे की भारी कढ़ाई चढ़ाई जाती है और उसमें बद्रीगाय (पहाड़ों में मिलने वाली खास गाय की प्रजाति) का देसी घी डाला जाता है. घी के गर्म होते ही गाजर को इसमें मिला दिया जाता है. फिर इसे धीमी आंच पर करीब 20 से 30 मिनट तक लगातार चलाया जाता है, जब तक कि गाजर का पानी पूरी तरह सूख न जाए और उसका रंग गहरा न होने लगे. चूल्हे की आंच पर पकने के कारण इसमें गैस के मुकाबले कहीं ज्यादा सोंधापन आ जाता है.

खोया और दूध का सही मिक्स जरूरी
जब गाजर घी में अच्छी तरह भून जाए, तब इसमें पहाड़ का शुद्ध खोया मिलाया जाता है. यदि खोया उपलब्ध न हो, तो पहाड़ी गाय के गाढ़े दूध का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. दूध डालने के बाद इस मिश्रण को अगले 15 से 20 मिनट तक और पकाया जाता है ताकि दूध पूरी तरह गाजर में समा जाए. पहाड़ी घरों में चीनी की जगह अक्सर गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है, जो इस हलवे को और भी पौष्टिक बना देता है. गुड़ डालने के बाद हलवे का रंग और भी निखर कर आता है.

लोहे की कढ़ाई और आयरन के फायदे
इस हलवे को लोहे की कढ़ाई में पकाने का एक बड़ा वैज्ञानिक कारण भी है. धीमी आंच पर लगातार कढ़ाई के संपर्क में रहने से हलवे में प्राकृतिक रूप से आयरन (लौह तत्व) की मात्रा बढ़ जाती है, जो खून की कमी को दूर करने में सहायक है. इसके साथ ही पहाड़ के ताजे अखरोट, काजू और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स इसमें ऊपर से डाले जाते हैं. जब घी हलवे के किनारों को छोड़ने लगे, तब समझ लीजिए कि आपका पहाड़ी गाजर का हलवा तैयार है.

इम्यूनिटी के लिए बेहद खास है ये हलवा
रेखा देवी बताती हैं कि यह हलवा न केवल मेहमानों के स्वागत के लिए बेहतरीन है, बल्कि शरीर को अंदरूनी गर्मी और ऊर्जा भी प्रदान करता है. बद्रीगाय का घी और गुड़ मिलकर इसे एक औषधि जैसा बना देते हैं, जो ठंड के मौसम में इम्युनिटी बढ़ाने में भी मदद करता है. यह हलवा खाने के बाद शरीर में लंबे समय तक ताजगी और ताकत बनी रहती है. अगर आप असली पहाड़ी स्वाद का अनुभव करना चाहते हैं, तो एक बार इस पारंपरिक विधि और शुद्ध सामग्री के साथ यह हलवा घर पर जरूर तैयार करें.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP