क्या आपने कभी खाया है ‘काली मसूर’ का ऐसा पुलाव? एक बार खाएंगे तो बिरयानी का स्वाद भूल जाएंगे! जानें रेसिपी
Kali Masoor Pulao Recipe: रोज़ाना वही दाल-चावल खाकर बोर हो गए हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो बनाने में आसान हो और खाने में एकदम लाजवाब हो तो आज ही अपनी किचन में ट्राई करें ‘काली मसूर का पुलाव’. ये पुलाव न सिर्फ दिखने में शानदार लगता है, बल्कि सेहत के मामले में भी किसी से कम नहीं है. काली मसूर की दाल और खुशबूदार बासमती चावल से इसे बनाया जाता है. सबसे अच्छी बात ये है कि ये घर में मौजूद बेसिक मसालों से झटपट तैयार हो जाता है. तो चलिए, बिना देर किए जानते हैं कि आप घर पर ये खिले-खिले और चटपटे काली मसूर पुलाव कैसे बना सकते हैं.
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
काली मसूर दाल: 2 कप (भिगोई हुई)
बासमती चावल: 2 कप
प्याज: 1 बड़ा (लंबा कटा हुआ)
टमाटर: 2 मध्यम (कटे हुए)
अदरक-लहसुन पेस्ट: 2 बड़े चम्मच
हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
खड़े मसाले: जीरा (1 चम्मच), दालचीनी (1 स्टिक), इलायची (4), तेजपत्ता (1), लौंग (4)
पिसे मसाले: हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
अन्य: घी, नमक और बारीक कटा हरा धनिया
बनाने की विधि (Step-by-Step Recipe)-
1. सबसे पहले काली मसूर की दाल को धोकर रात भर या कम से कम 8 घंटे के लिए भिगो दें ताकि यह थोड़ी नरम हो जाए. बासमती चावल को भी बनाने से 30 मिनट पहले भिगोकर रख दें.
2. एक बड़े बर्तन में पानी उबालें. इसमें भीगे हुए चावल और थोड़ा नमक डालकर तब तक पकाएं जब तक कि चावल आधे (50%) न पक जाएं. अब अतिरिक्त पानी छान लें और चावल को एक तरफ रख दें.
3. एक प्रेशर कुकर में घी गरम करें. इसमें जीरा, दालचीनी, लौंग, इलायची और तेजपत्ता डालें. अब कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
4.अब कुकर में कटे हुए टमाटर डालें. साथ ही हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाएं. इसे तब तक पकाएं जब तक टमाटर पूरी तरह गल न जाएं और मसाला घी न छोड़ दे.
5. मसाला तैयार होने पर भिगोई हुई काली मसूर दाल डालें और अच्छी तरह मिलाएं. अब इसके ऊपर आधे पके हुए चावल की परत बिछाएं. ध्यान रहे कि चावल को हल्के हाथों से फैलाएं ताकि दाने टूटें नहीं.
6.अब इसमें करीब 2 कप पानी डालें (जरूरत हो तो थोड़ा नमक और डाल दें). कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर कम से कम 3 सीटी आने तक पकाएं.
7. कुकर का प्रेशर अपने आप खत्म होने दें. ढक्कन खोलकर हल्के हाथों से पुलाव को चलाएं. ऊपर से ताजा हरा धनिया डालें. आपका गरमा-गरम और खुशबूदार काली मसूर पुलाव तैयार है! इसे आप रायते या चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.