Namo Bharat Parking Charges| Namo Bharat Train| मेरठ लोकल खबर| गाजियाबाद लोकल न्यूज़
Last Updated:
Namo Bharat Parking Charges: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के पूरी तरह चालू होते ही ‘नमो भारत’ ने इतिहास रच दिया है. उद्घाटन के अगले ही दिन 23 फरवरी 2026 को यात्रियों की संख्या 1,00,000 के पार पहुंच गई. एनसीआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली से मेरठ तक 8,000 से अधिक वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की है, जिसमें गाजियाबाद और सराय काले खां प्रमुख हब हैं. मेरठ मेट्रो और नमो भारत कनेक्ट ऐप के जरिए अब यात्रा और भी स्मार्ट हो गई है. जानें दिल्ली और यूपी के स्टेशनों पर पार्किंग की नई दरें.
Namo Bharat Parking Charges: देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) यानी ‘नमो भारत’ ने परिचालन के पहले ही दिन सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो के भव्य उद्घाटन के बाद, 23 फरवरी को जब पहली बार यह कॉरिडोर आम जनता के लिए पूरी तरह खुला, तो यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा. रात 10:00 बजे जब आखिरी ट्रेन पटरी पर दौड़ी, तब तक यात्रियों का आंकड़ा 1,00,000 को पार कर चुका था.
23 फरवरी 2026 की तारीख नमो भारत के इतिहास में दर्ज हो गई है. पूरे 82 किमी लंबे कॉरिडोर पर परिचालन के पहले ही दिन एक लाख से अधिक लोगों ने सफर किया. एनसीआरटीसी के अनुसार, यह कॉरिडोर पर अब तक की सबसे बड़ी एकदिवसीय यात्री संख्या है. यात्रियों ने मेरठ से दिल्ली का सफर मिनटों में तय किया. वहीं, दूसरी तरफ यात्रियों निर्बाध और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई पहल शुरू की हैं. सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने इस कॉरिडोर के स्टेशनों पर 8,000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई है.
गाजियाबाद स्टेशन पर सबसे बड़ी फोर-व्हीलर पार्किंग बनाई गई है. यहां 370 कारें और 632 दुपहिया वाहन एक साथ पार्क किए जा सकते हैं. यह स्टेशन शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास होने के कारण इंटर-कनेक्टिविटी का मुख्य केंद्र बन गया है. इसके अलावा साहिबाबाद स्टेशन पर 76 कारें और 223 दुपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. राजनगर एक्सटेंशन के नजदीक बने गुलधर स्टेशन पर 191 कारें और 848 दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दिल्ली में सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर 266 कारें और 837 दुपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध हैं. ये स्टेशन मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन का एक बेहतरीन उदाहरण है जहां वीर हकीकत राय आईएसबीटी और मेट्रो स्टेशन के अलावा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी है. दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर भी करीब 50 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था है.
मेरठ में भी स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है. मेरठ साउथ स्टेशन की पार्किंग में 289 कारें और 854 टू-व्हीलर वाहनों को खड़े करने की क्षमता है. ये स्टेशन परतापुर बाईपास के नजदीक बना है और इसके पास से ही हरिद्वार एवं रुड़की की बसें उपलब्ध हैं. वहीं, मोदीपुरम स्टेशन पर 135 कारें और 1,200 से अधिक दुपहिया वाहनों की पार्किंग की जा सकती है. शताब्दी नगर स्टेशन पर भी करीब 120 कारें और 350 से अधिक दुपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं.
देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो अब 12 स्टेशनों के बीच दौड़ रही है. परतापुर मेट्रो स्टेशन पर करीब 160 टू-व्हीलर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है. रिठानी मेट्रो स्टेशन पर भी करीब 80 टू-व्हीलर वाहनों की पार्किंग की जा सकती है. ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर 100 से अधिक टू-व्हीलर वाहनो की पार्किंग की जा सकती है. एमईएस कॉलोनी मेट्रो स्टेशन पर भी 60 से अधिक जबकि डौरली स्टेशन पर तकरीबन 100 टू-व्हीलर वाहनों की पार्किंग हो सकती है. इतना ही नहीं, अब पार्किंग के लिए भटकने की जरूरत नहीं है.
एनसीआरटीसी के ‘नमो भारत कनेक्ट’ ऐप के जरिए यात्री रियल-टाइम पार्किंग उपलब्धता देख सकते हैं. इसके अलावा ऐप पर लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, स्टेशन नेविगेशन और ‘खोया-पाया’ जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. स्टेशनों के बाहर जाम न लगे, इसके लिए विशेष ‘ड्रॉप ऑफ जोन’ बनाए गए हैं. एनसीआरटीसी ने ई-रिक्शा, फीडर बस, कैब और रेंटल टू-व्हीलर कंपनियों के साथ साझेदारी की है, ताकि यात्री स्टेशन से अपने घर या दफ्तर तक आसानी से पहुंच सकें. बेगमपुल जैसे व्यस्त अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए पास की अबु लेन मार्केट पार्किंग का विकल्प भी दिया गया है.
पार्किंग दरों की बात की जाए तो सभी स्टेशनों पर साइकिल के लिए 10 मिनट से 6 घंटों के लिए 5 रुपये, दुपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये और कारों/एसयूवी के लिए 30 रुपये लगते हैं. 6 से 12 घंटे के लिए दुपहिया वाहनों के 25 रुपये और कारों/एसयूवी के 60 रुपये लगते हैं. 12 से 16 घंटों के लिए साइकिल 10 रुपये और दुपहिया वाहनों के लिए 30 रुपये की दर है. कारों/एसयूवी के लिए 80 रुपये लगते हैं.
16 घंटों से लेकर दिन के परिचालन समय के दौरान तक साइकिल के 10 रुपये, दुपहिया वाहनों के 30 रुपये और कारों/एसयूवी के लिए 100 रुपये लगते हैं. वहीं, दिल्ली में 10 मिनट से लेकर अगले 6 घंटों के लिए साइकिल के 5 रुपये, दुपहिया वाहनों के 20 और कारों/एसयूवी के लिए 50 रुपये लगते हैं. इसके अलावा 16 घंटों से परिचालन समय तक के दुपहिया वाहनों के 50 रुपये तथा कारों/एसयूवी के लिए 100 रुपये की दर तय की गई है.