UP board | UP Board Class 10 English Exam 2026
Last Updated:
यूपी बोर्ड की 10वीं क्लास की अंग्रेजी परीक्षा देकर निकले मुरादाबाद के छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे. सिविल लाइन स्थित चित्रगुप्त इंटर कॉलेज सेंटर पर बच्चों ने बताया कि पेपर उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा आसान आया था. छात्रों का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार के सवाल काफी सीधे थे और जो कुछ भी उन्होंने याद किया था, वही परीक्षा में पूछा गया. किसी ने 3 घंटे की मेहनत से तो किसी ने रात भर जागकर की गई पढ़ाई से पेपर को झट से हल कर दिया. जानिए छात्रों का इस पेपर को लेकर क्या फीडबैक रहा.
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board Exam 2026) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पूरे प्रदेश में शुरू हो गई हैं. आज सोमवार को पहली पाली में 10वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया गया. जिसे लेकर मुरादाबाद के सिविल लाइन इलाके में स्थित चित्रगुप्त इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां सुबह से ही छात्रों की भारी भीड़ देखी गई. लोकल 18 की टीम ने पेपर देकर बाहर आ रहे विद्यार्थियों से बात की, तो ज्यादातर बच्चों का यही कहना था कि पेपर इतना आसान होगा, उन्होंने सोचा भी नहीं था.
छात्र बोले- उम्मीद से कहीं ज्यादा अच्छा गया एग्जाम
कक्षा 10 की छात्रा आफिया ने बताया कि वह आज के पेपर को लेकर थोड़ी फिक्रमंद थीं और उन्होंने रात भर जागकर पढ़ाई की थी. आफिया का कहना है कि उनकी सोच के मुकाबले पेपर बहुत ज्यादा अच्छा गया है. पूरे प्रश्नपत्र में एक भी ऐसा सवाल नहीं था जिसने उन्हें उलझाया हो. उन्होंने सभी उत्तर बहुत ही आसानी से लिख दिए और वे अपने प्रदर्शन से काफी खुश नजर आईं.
पिछले साल के मुकाबले सरल रहा प्रश्नपत्र
छात्र राज ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह रोजाना 3 घंटे पढ़ाई करते थे और उनकी मेहनत रंग लाई है. राज के अनुसार, इस बार का क्वेश्चन पेपर पिछले साल के मुकाबले काफी आसान रहा. उन्होंने बताया कि जैसे ही उनके हाथ में पेपर आया, उन्होंने बिना किसी परेशानी के उसे हल करना शुरू कर दिया. राज ने कहा कि कोई भी सवाल सिलेबस से बाहर का नहीं था, जिससे उन्हें जवाब लिखने में काफी मदद मिली.
याद किए हुए सवाल देख बढ़ गया आत्मविश्वास
छात्रा नैंसी रस्तोगी ने बताया कि उन्होंने जिन सवालों की तैयारी की थी, परीक्षा में ज्यादातर वही सवाल पूछे गए थे. नैंसी का कहना है कि जो उन्होंने पहले पढ़ा था और जिन पुराने सवालों का अभ्यास किया था, वही पेपर में नजर आए. कुछ नए सवाल जरूर थे, लेकिन वे भी काफी सरल थे. वहीं, छात्रा अलीशा ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि अंग्रेजी का पेपर उनके लिए बहुत आसान साबित हुआ और उन्हें अच्छे नंबर आने की पूरी उम्मीद है.
सिलेबस से ही आए सभी प्रश्न, समय से पहले हुआ हल
एक अन्य छात्रा ने बताया कि पिछले साल का पेपर थोड़ा कठिन था, लेकिन इस बार बोर्ड ने छात्रों को राहत दी है. उन्होंने कहा कि क्वेश्चन पेपर देखते ही उन्होंने उसे झट से हल कर दिया क्योंकि सारे सवाल वही थे जो उन्होंने क्लास में और अपनी किताबों में पढ़े थे. सिलेबस से संबंधित प्रश्न होने के कारण छात्रों को उत्तर लिखने में जरा भी समय नहीं लगा. अब सभी छात्रों को अंग्रेजी के विषय में बहुत अच्छे नंबर आने की संभावना लग रही है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें