गोरखपुर में असली साउथ इंडियन स्वाद: सूर्य के डोसा और चटनी का जादू
Last Updated:
गोरखपुर के नौका विहार पर इन दिनों साउथ इंडियन स्वाद का असली अनुभव लिया जा सकता है. सूर्य दिनेश रेड्डी अपने परिवार की पारंपरिक रेसिपी से बनाए गए डोसा और चटनी से यहां के लोगों का दिल जीत रहे हैं. उनका उद्देश्य सिर्फ डोसा बेचना नहीं, बल्कि साउथ इंडिया के असली टेस्ट को गोरखपुर में पेश करना है. सूर्य की तैयारी, मसालों का खास मिश्रण और प्याज के पेस्ट का सीक्रेट टच, उनके स्वाद को अद्वितीय बनाते हैं. अब उनका स्टॉल शहर में साउथ इंडियन स्वाद का एक नया ठिकाना बन चुका है.
गोरखपुर. नौका विहार पर इन दिनों साउथ इंडियन स्वाद की खास महक महसूस की जा सकती है, यहां सूर्य दिनेश रेड्डी अपने हाथों से तैयार इडली और डोसा लोगों को खिला रहे हैं. मूल रूप से साउथ इंडिया से ताल्लुक रखने वाले सूर्य बताते हैं कि उनका मकसद सिर्फ डोसा बेचना नहीं, बल्कि लोगों को असली और ऑथेंटिक साउथ इंडियन टेस्ट का अनुभव कराना है. यही वजह है कि उनके स्टॉल पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगती है. सूर्य का कहना है कि उनकी रेसिपी किसी होटल या यूट्यूब से कॉपी की हुई नहीं है, बल्कि यह उनके परिवार की पारंपरिक रसोई से निकली हुई है. वह बताते हैं कि साउथ इंडिया में हर घर का डोसा और चटनी बनाने का तरीका अलग होता है. उन्होंने उसी घरेलू स्वाद को गोरखपुर में पेश किया है, खास बात यह है कि डोसे के साथ परोसी जाने वाली उनकी चटनी लोगों को बेहद पसंद आ रही है. एक बाइट लेते ही ग्राहक इसके ऑथेंटिक स्वाद को पहचान लेते हैं.
सुबह से शुरू होती है तैयारी
सूर्य दिनेश रेड्डी और उनकी पत्नी सुबह जल्दी उठकर तैयारी में जुट जाते हैं, बैटर तैयार करना, मसाले पीसना और चटनी बनाना, हर काम वह खुद देखते हैं. उनका कहना है कि स्वाद का असली राज तैयारी में छिपा होता है, अगर प्रिपरेशन सही हो, तो आधा काम वहीं पूरा हो जाता है. सूर्य बताते हैं कि देश के कई हिस्सों में डोसे में प्याज सीधे काटकर इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन वह प्याज का पेस्ट बनाकर उसे खास मसालों के साथ मिलाते हैं. यही उनका सीक्रेट टच है, जो डोसे को अलग फ्लेवर देता है. इसके अलावा कुछ स्पेशल मसाले भी हैं, जिनका मिश्रण उनकी मन की रेसिपी का हिस्सा है.
शहर में बढ़ रही लोकप्रियता
नौका विहार पर शाम के वक्त जब लोग घूमने आते हैं, तो सूर्य के स्टॉल पर रुकना नहीं भूलते. साउथ इंडियन जोड़े के हाथों से तैयार इडली और डोसा अब गोरखपुर में स्वाद की नई पहचान बनते जा रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि यहां मिलने वाला टेस्ट उन्हें साउथ इंडिया की याद दिला देता है. साफ है कि मेहनत, पारंपरिक रेसिपी और स्वाद के प्रति समर्पण ने सूर्य दिनेश रेड्डी को गोरखपुर में एक अलग पहचान दिला दी है.
About the Author
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें