दिल्ली: अमीन खान-राशिद का ड्रग सिंडिकेट पकड़ा, 326 ग्राम स्मैक बरामद
Last Updated:
दिल्ली पुलिस ने जीरो टॉलरेंस मुहिम में अमीन खान, राशिद और बलबीर के अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश कर 326.85 ग्राम स्मैक बरामद की और नेटवर्क की कमर तोड़ दी है.

Delhi Crime News: जीरो टॉलरेंस मुहिम के तहत पूर्वी दिल्ली जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. यह सिंडिकेट यूपी के बदायूं से दिल्ली-एनसीआर तक ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ एक ड्रग पेडलर को पकड़ा, बल्कि उसके पीछे छिपे पूरे नेटवर्क को भी बेनकाब कर दिया है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 की रात एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड को एक गुप्त सूचना मिली. खबर थी कि अमीन खान नाम का युवक पांडव नगर इलाके में स्मैक की बड़ी खेप पहुंचाने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछा दिया. देर रात जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 291 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई पूछताछ ने मामले को और गंभीर बना दिया. अमीन खान ने खुलासा किया कि वह खुद सिर्फ सप्लायर नहीं, बल्कि एक बड़े नेटवर्क की कड़ी है. वह बदायूं निवासी राशिद से स्मैक लेकर दिल्ली-एनसीआर में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचता था. पुलिस को समझ आ गया कि असली खेल सप्लाई चेन को तोड़ने में है. इसके बाद पुलिस टीम बदायूं पहुंची.
तकनीकी और मैन्युअल इनपुट्स के आधार पर 15 फरवरी की रात राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. राशिद ने पूछताछ में बताया कि असली जरिया बलबीर नाम का शख्स है, जो लंबे समय से इस अवैध धंधे को ऑपरेट कर रहा था. पुलिस की कार्रवाई का पता चलते ही बलबीर फरार हो गया. एक लंबी कवायद के बाद पुलिस ने उसे भी दबोच लिया. उसके पास से 35.85 ग्राम स्मैक और बरामद हुई.
जांच में सामने आया कि अमीन खान पहले भी 2023 में मेरठ में स्मैक सप्लाई करते हुए गिरफ्तार हो चुका था. जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा यही रास्ता चुना और दिल्ली के गांधीनगर इलाके में किराए पर रहकर नशे का कारोबार शुरू कर दिया. तेजी से पैसे कमाने की लालच ने तीनों आरोपियों को इस अवैध धंधे में धकेल दिया.
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बदायूं से स्मैक लाकर दिल्ली के नशा प्रभावित इलाकों में सप्लाई करता था और युवाओं की लत को कमाई का जरिया बना चुका था. कुल 326.85 ग्राम स्मैक बरामद कर पुलिस ने इस नेटवर्क की कमर तोड़ दी है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, क्योंकि हर टूटा हुआ नेटवर्क समाज को ड्रग्स के अंधेरे से बाहर निकालने की दिशा में एक बड़ी जीत है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें