मधुबाला की जीवन कहानी: सुंदरता, प्रतिभा और साहस का प्रतीक

Share to your loved once


नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ चेहरे ऐसे हैं, जो वक्त गुजर जाने के बाद भी यादों में वैसे ही चमकते रहते हैं. हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत अदाकारा का जिक्र होने से आज भी सबके जहन में मधुबाला का नाम अपने आप ही आ जाता है. मधुबाला की मुस्कान में मासूमियत थी, आंखों में चमक और अदाकारी में ऐसा जादू, जो दर्शकों को पहली झलक में ही अपना दीवाना बना लेता था.

दिल्ली में 14 फरवरी 1933 को जन्मीं मधुबाला का असली नाम मुमताज जहां देहलवी था. उनका बचपन किसी राजकुमारी जैसा नहीं, बल्कि संघर्षों से भरा था. परिवार की आर्थिक स्थिति बदहाल थी, इसलिए छोटी उम्र में ही उन्हें जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पड़ा था. महज 9 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और ‘बेबी मुमताज’ के नाम से पहचान बनाने लगीं. कैमरे के सामने उनकी सहजता और मासूमियत ने जल्द ही लोगों का दिल जीत लिया.

छोटी सी उम्र में सीख ली थी ड्राइविंग

कम ही लोग जानते हैं कि मधुबाला सिर्फ खूबसूरत अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि अपने समय से आगे सोच रखने वाली लड़की भी थीं. जब समाज में लड़कियों के लिए कई सीमाएं तय थीं, तब उन्होंने मात्र 12 साल की उम्र में ड्राइविंग सीख ली. यह कदम सिर्फ शौक नहीं था, बल्कि उनकी स्वतंत्र सोच और आत्मविश्वास का प्रतीक था.

मधुबाला

मधुबाला ने दी थी कई सुपरहिट फिल्में

1940 और 50 के दशक में उनका करियर तेजी से ऊंचाइयों पर पहुंचा. ‘महल’, ‘हावड़ा ब्रिज’, ‘चलती का नाम गाड़ी’ और ‘काला पानी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें स्टार बना दिया. उस दौर के बड़े सितारोंराज कपूर, अशोक कुमार और देव आनंद के साथ उनकी जोड़ी खूब पसंद की गई. उनकी अदाकारी और खूबसूरती के कई दीवाने थे. शम्मी कपूर, दिलीप कुमार, किशोर कुमार, देवानंद समेत कई सितारे उनकी एक झलक मर मिटने को तैयार रहते थे.

दिलीप कुमार संग अधूरा रहा इश्क

उनकी निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. अभिनेता दिलीप कुमार के साथ उनका प्रेम गहरा था, लेकिन हालात और पारिवारिक मतभेदों ने दोनों को अलग कर दिया. बाद में उन्होंने गायक-अभिनेता किशोर कुमार से शादी की, जिन्होंने उनके कठिन समय में उनका साथ निभाया.

मधुबाला सिंगर किशोर कुमार की दूसरी पत्नी थीं, लेकिन दोनों 9 साल से ज्यादा समय साथ नहीं बिता सके. एक्ट्रेस दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं. डॉक्टरों ने सर्जरी से इनकार कर दिया, लेकिन मधुबाला ने हिम्मत नहीं हारी. बीमारी के बावजूद उन्होंने अपने आत्मविश्वास और मुस्कान को कभी टूटने नहीं दिया.

36 साल की उम्र में मधुबाला का हुआ था दर्दनाक अंत

लगभग 70 फिल्मों में काम करने वाली मधुबाला ने 36 साल की छोटी-सी उम्र में 23 फरवरी 1969 को दुनिया को अलविदा कह दिया. मगर उनकी चमक आज भी भारतीय सिनेमा के सुनहरे इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज है. एक ऐसी अदाकारा के रूप में, जिसने सुंदरता, प्रतिभा और साहस को एक साथ जीकर दिखाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP