दिल्ली: नंद नगरी गोलीबारी में उमर दीन की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Last Updated:
नंद नगरी में मोहम्मद उमर दीन की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने आदतन अपराधी सुनील उर्फ दीपु उर्फ नरेंद्र को गिरफ्तार कर पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं. जांच जारी है.

Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में हुई गोलीबारी और हत्या की सनसनीखेज वारदात का दिल्ली पुलिस ने खुलासा कर दिया है. थाना नंद नगरी की टीम ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है.
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 की शाम थाना नंद नगरी में गोली चलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बड़े स्कूल के पास नंद नगरी इलाके में पहुंची. वहां पता चला कि घायल व्यक्ति मोहम्मद उमर दीन (35) को उसके परिजन पहले ही जीटीबी अस्पताल लेकर जा चुके हैं. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. जांच के लिए इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल दीपक, विपिन, रोहित और कांस्टेबल जितेंद्र व विमल शामिल थे. लंबी कवायद के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी.
पुलिस ने आरोपी सुनील उर्फ दीपु उर्फ नरेंद्र (34) दिल्ली के नंद नगरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए. विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही आठ आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, स्नैचिंग, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें