भारत का चीन है यह राज्य! दोहरा रहा ड्रैगन जैसी सफलता, क्या यूपी-बिहार वाले इससे कुछ सीख पाएंगे?
Last Updated:
Tamil Nadu Growth Story: तमिलनाडु इस वक्त देश के सबसे विकसित राज्यों में से एक है. इस राज्य ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में काफी प्रगति की है. तमिलनाडु के ऑटो, टेक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुका है. चेन्नई के ऑटो इंडस्ट्री और होसुर की टेक्सटाइल इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन गई है.

तमिलनाडु का ऑटो इंडस्ट्री दुनिया में विख्यात है. फोटो- पीटीआई
बीते चार दशक में चीन की प्रगति की रफ्तार ने पूरी दुनिया की तस्वीर बदल दी है. आज चीन अमेरिका के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. वहां प्रति व्यक्ति आय 14 हजार डॉलर है. यानी वहां का हर एक आदमी प्रति वर्ष 13.30 लाख रुपये कमाता है. वहीं भारत की बात करें तो हमने भी चीन के साथ ही अपनी यात्रा शुरू की थी. हम 1947 में आजाद हुए जबकि चीन 1949 में आजाद हुआ. आजादी के बाद शुरुआती दो दशकों में तमाम मानकों पर हम चीन से बेहतर थे. रिपोर्ट के मुताबिक 1950 में भारत और चीन की इकोनॉमी का आकार करीब 30 बिलियन डॉलर का था. उस वक्त भारत में प्रति व्यक्ति आय करीब 60 डॉलर थी जबकि चीन में यह आंकड़ा केवल 50 डॉलर सालाना था.
तमिलनाडु की विकास की कहानी
तमिलनाडु भारत के सबसे विकसित राज्यों में एक है. इसे ‘भारत का दक्षिण कोरिया’ या फिर ‘भारत का चीन’ कहा जाता है. क्योंकि तमिलनाडु ने विकास का वही मॉडल अपनाया जिसके दम पर चीन आर्थिक सुपर पावर बना है. तमिलनाडु में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की सफलता ने देश के तमाम अन्य राज्यों को एक बड़ी सीख दी है. इस वक्त तमिलनाडु ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और इलेक्ट्रिक वेहिकल सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है. चेन्नई की ऑटो इंडस्ट्री दुनिया को चुनौती दे रही है. इसी तरह तिरुपुर की टेक्सटाइल इंडस्ट्री दुनिया में फेमस हो चुकी है. होसुर भी इलेक्ट्रिक वेहिकल केंद्र के रूप में उभर रहा है.
तमिलनाडु का प्रति व्यक्ति आय
आज तमिलनाडु में प्रति व्यक्ति आय करीब साढ़े चार हजार डॉलर यानी करीब चार लाख रुपये सालाना है. वहीं बिहार की प्रति व्यक्ति आय करीब 75 हजार रुपये सालाना है. यानी तमिलनाडु और बिहार में प्रति व्यक्ति आय के मामले में फासला 6 से 7 गुने का है. इसी तरह यूपी में प्रति व्यक्ति आय करीब 1.20 लाख रुपये सालाना है. यानी तमिलनाडु के लोग यूपी के लोगों से भी करीब चार गुना अमीर हैं.
चीन और तमिलनाडु की तुलना
प्रति व्यक्ति आय के हिसाब से तमिलनाडु और चीन दोनों उच्च मध्य वर्ग आय वाले समूह में आते हैं. हालांकि चीन का प्रति व्यक्ति आय तमिलनाडु से करीब तीन गुना है. भारत की बात करें तो देश का औसत प्रति व्यक्ति आय करीब तीन हजार डॉलर है. आज तमिलनाडु में देश की कुल 16 फीसदी फैक्टरियां हैं, जो किसी भी राज्य की तुलना में सबसे अधिक है. यह राज्य ऑटोमोबाइल, लेदर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में देश का लीडर है. यहां के टोटल वर्कफोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी 40 फीसदी से अधिक है. कुछ ऐसी ही कहानी चीन की है. वहां भी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती हैं. ऐसी भी रिपोर्ट है कि जो कंपनियां विभिन्न कारणों से चीन से अपनी मैन्युफैक्चरिंग कहीं और ले जाना चाहती हैं उनके लिए भारत के तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्य सबसे पसंदीदा जगह हैं.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें