dhaba style kathal mochi aloo ki sabzi recipe

Share to your loved once


होमफोटोलाइफ़फूड

फरवरी में बनाएं ढाबा स्टाइल कटहल मोची-आलू की सब्जी, नॉनवेज भूल जाएंगे

Last Updated:

Jackfruit Potato Curry Recipe: क्या आप भी वही रोज-रोज की गोभी और मटर खाकर थक गए हैं? तो इस फरवरी अपनी थाली में लाएं बदलाव. कटहल मोची और आलू की यह मसालेदार सब्जी स्वाद में इतनी लाजवाब है कि इसके आगे नॉन-वेज भी फीका लगेगा. यह रेसिपी आपके लंच और डिनर को बेहद खास बना देगी.

ठंड के दिनों में लोग गोभी, मटर और आलू जैसी सब्जियां खाते-खाते ऊब जाते हैं. ऐसे में कुछ नया और स्वादिष्ट खाने का मन करता है. फरवरी में बाजारों और पेड़ों पर छोटे-छोटे कटहल, जिन्हें कई जगह मोची कहा जाता है, नजर आने लगते हैं. यही समय होता है इस खास सब्जी का आनंद लेने का. अगर आपने अभी तक आलू और मोची की सब्जी नहीं चखी है, तो एक बार जरूर आजमाएं.

कटहल यानी मोची की खास बात यह है कि इसका स्वाद बिल्कुल अलग होता है. जब इसे सही तरीके से पकाया जाता है तो इसका टेक्सचर इतना बढ़िया बनता है कि खाने वाला उंगलियां चाटता रह जाए.यह सब्जी खासतौर पर गांवों और छोटे शहरों में बहुत पसंद की जाती है, लेकिन अब शहरों में भी लोग इसे शौक से बनाने लगे हैं. हल्के मसालों और ताजे आलू के साथ इसका मेल बहुत ही स्वादिष्ट लगता है. ठंड के मौसम में गरमा-गरम मोची आलू की सब्जी सच में खाने का मजा दोगुना कर देती है.

इस स्वादिष्ट सब्जी को बनाने के लिए कुछ जरूरी सामग्री चाहिए होती है. जैसे छोटे आकार का कटहल (मोची), आलू, प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च. इसके अलावा मसालों में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक की जरूरत पड़ती है. पकाने के लिए तेल और ऊपर से सजाने के लिए हरा धनिया भी तैयार रखें. सारी सामग्री पहले से तैयार कर लेने से सब्जी बनाते समय कोई परेशानी नहीं होती.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले कटहल को छोटे टुकड़ों में काटें. कटहल काटते समय हाथों में थोड़ा तेल लगा लें ताकि उसका चिपचिपा दूध हाथ में न लगे. अब कुकर में कटहल और आलू डालें, साथ में थोड़ा नमक और पानी मिलाएं. कुकर का ढक्कन बंद करके तीन सीटी आने तक उबालें. इससे कटहल और आलू नरम हो जाएंगे और आगे पकाने में आसानी होगी.

जब कुकर ठंडा हो जाए, तो उबले हुए कटहल की ऊपरी परत हल्के हाथ से हटा लें. इससे सब्जी का स्वाद बढ़ेगा. फिर कटहल के टुकड़ों में नमक, हल्दी और लाल मिर्च डालकर मेरिनेट कर दें. इससे मसाले अंदर तक समा जाएंगे और स्वाद बढ़ जाएगा. इसी बीच बाकी तैयारी करें.

अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर कटहल और आलू को हल्का सुनहरा होने तक फ्राय करें. इससे सब्जी में अच्छी खुशबू और स्वाद आता है. फिर इन्हें निकालकर अलग रख दें. अब कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें और बारीक कटा प्याज सुनहरा होने तक भूनें.

प्याज भुनने के बाद उसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें. खुशबू आने लगे तो टमाटर का पेस्ट डालकर पकाएं. मसाला तब तक भूनें जब तक तेल अलग न हो जाए. अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मिलाएं. मसाले अच्छे से भुन जाएं तो उसमें फ्राय किया हुआ कटहल और आलू डालें.

अब सबको अच्छी तरह मिलाकर 5-7 मिनट तक भूनें, ताकि मसाले सब्जी में मिल जाएं. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालकर कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर पकने दें. जब सब्जी पक जाए और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तब ऊपर से गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट आलू मोची की सब्जी तैयार है, जिसे आप गरमा-गरम रोटी या चावल के साथ परोस सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP