घर पर बची रोटी फेंकें नहीं… 10 मिनट में ऐसे तैयार करें स्पेशल अंडा रोल, फेवरेट स्नैक देख चहक उठेंगे बच्चे
जमशेदपुर: शाम का समय होते ही घर में सबसे पहले बच्चों की आवाज आती है “मम्मी कुछ खाने को दो…”. रोज-रोज बिस्कुट, नमकीन या मैगी देना न तो सेहत के लिए अच्छा है और न ही आदत के लिए. ऐसे में अगर आपके घर में दो-तीन बची हुई रोटियां रखी हैं, तो समझ लीजिए आधी मेहनत खत्म. इन्हीं रोटियों से आप बच्चों के लिए 10 मिनट में एक ऐसा हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ता बना सकते हैं, जिसे वे खुद बार-बार मांगेंगे. नाम है स्पेशल अंडा रोल.
अंडा रोल की खास बात यह है कि इसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और हल्की सब्जियां सब एक साथ मिल जाती हैं. अंडा बच्चों के शरीर और दिमाग के विकास के लिए बहुत जरूरी माना जाता है. बाजार के फ्राइड स्नैक्स के मुकाबले यह घर का बना हुआ नाश्ता ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक होता है. सबसे अच्छी बात, बच्चे इसे पिज्जा-बर्गर से कम नहीं समझते.
इन सामग्रियों की होगी जरूरत
इसके लिए आपको चाहिए 2 बची हुई रोटियां, 2 अंडे, 1 छोटा प्याज बारीक कटा, 1 छोटा टमाटर बारीक कटा, थोड़ी शिमला मिर्च, नमक स्वादानुसार, काली मिर्च चुटकी भर, चाट मसाला, टमाटर सॉस, थोड़ा सा घी या तेल और हरी धनिया. चाहें तो थोड़ा कद्दूकस किया पनीर भी डाल सकते हैं, इससे टेस्ट और बढ़ जाएगा.
नोट करें बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में अंडे फोड़कर डालें और उसमें नमक, काली मिर्च डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब उसमें प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और धनिया डालकर मिला दें. गैस पर तवा गर्म करें और हल्का सा तेल या घी लगाएं. जब तवा गर्म हो जाए, तो उस पर सीधे अंडे का मिश्रण फैलाएं, बिल्कुल ऑमलेट की तरह.
अब तुरंत अंडे के ऊपर एक रोटी रख दें और हल्के हाथ से दबाएं ताकि रोटी अंडे से चिपक जाए. 1–2 मिनट बाद इसे पलट दें। अब रोटी वाली साइड नीचे रहेगी और अंडा ऊपर की तरफ पक जाएगा. ऊपर से हल्का घी लगा दें ताकि कुरकुरापन आ जाए. गैस को मध्यम ही रखें, तेज आंच से अंडा सख्त हो जाता है और बच्चे पसंद नहीं करते.
मसाले और सॉस से बढ़ेगा स्वाद
अब इस पर थोड़ा चाट मसाला छिड़कें, टमाटर सॉस या हल्की मेयोनीज लगाएं और चाहें तो पनीर या उबला कॉर्न डाल दें. फिर इसे रोल की तरह कसकर मोड़ लें और बीच से काट दें. बस तैयार है बच्चों का गरमागरम स्पेशल अंडा रोल. इसे प्लेट में रखकर दें, आप देखेंगे बच्चे मोबाइल छोड़कर पहले इसे खत्म करेंगे.
यह नाश्ता न केवल टेस्टी है बल्कि बाहर के जंक फूड की आदत भी कम करता है. रोज-रोज नया नाश्ता सोचने की टेंशन खत्म — बची हुई रोटी का सबसे बेहतरीन उपयोग और बच्चों की खुशी भी पक्की. अब शाम को बच्चे जिद करेंगे, तो आप परेशान नहीं बल्कि मुस्कुराएंगे.