एक्शन के मूड में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड, टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद अब बैठेगी जांच
Last Updated:
Australia T20 World Cup 2026: पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टी-20 विश्व कप में अपनी टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की गहन समीक्षा करेगा. कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप के सुपर आठ जगह नहीं बना पाई

ऑस्ट्रेलिया टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर
मेलबर्न: टी-20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर ऑस्ट्रेलिया का पहले ही राउंड में टूर्नामेंट से बाहर हो जाना रहा. पहले ही मैच में जिम्बाब्वे और फिर श्रीलंका से हारने के बाद कंगारू टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई. टीम के शर्मनाक प्रदर्शन को लेकर अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जांच बिठाने वाला है.
चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के बाद प्रदर्शन की गहन समीक्षा की जाएगी. क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार डोडेमाइड ने कहा:
टूर्नामेंट में जिस तरह से हमारा प्रदर्शन रहा, वह वास्तव में निराशाजनक है, लेकिन अभी हम इंतजार करेंगे. हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम ओमान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करें. हमारी टीम जब वापस आएगी तो हम उसके प्रदर्शन का गहन विश्लेषण करेंगे.
इंजर्ड और बड़े प्लेयर्स के बिना उतरा था ऑस्ट्रेलिया
चोटिल होने के कारण पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के टूर्नामेंट से बाहर होने के कारण टीम अपने मुख्य तेज गेंदबाजी आक्रमण के बिना खेल रही थी, जबकि मिचेल स्टार्क टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. टूर्नामेंट के दौरान कप्तान मिचेल मार्श पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे, जिससे टीम का संतुलन काफी हद तक बिगड़ गया.
2009 के बाद पहली बार पहले राउंड में बाहर ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच शुक्रवार को ओमान के खिलाफ खेलेगा, लेकिन इसका अब कोई महत्व नहीं रह गया है. जिम्बाब्वे और श्रीलंका सुपर आठ में पहुंच गए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2009 के बाद पहली बार ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया है.
ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होगा अगला वर्ल्ड कप
अगला टी-20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा. डोडेमाइड ने कहा, ‘हम हर विश्व कप जीतना चाहते हैं, चाहे वह कहीं भी हो. अगला विश्व कप घरेलू मैदान पर है. हम घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे. अभी हमारा ओमान के खिलाफ मैच है और हम इसे शानदार तरीके से समाप्त करना चाहते हैं.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें