Pathum Nissanka struggle story: श्रीलंका के क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी पाथुम निसंका आईसीसी टी20 विश्व कप में धमाल मचा रहे हैं.
Last Updated:
Pathum Nissanka: श्रीलंका क्रिकेट टीम के युवा सनसनी पाथुम निसंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अपने देश के लिए धूम मचा दी है. निसंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को सुपर-8 में पहुंचाया. आज निसंका श्रीलंका के लिए रन मशीन हैं, लेकिन उनकी संघर्ष की कहानी बहुत ही मार्मिक है.

श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज पाथुम निसंका
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का अब सुपर-8 राउंड शुरू होने वाला है. सुपर-8 में मेजबान श्रीलंका की टीम भी पहुंची है. टूर्नामेंट से पहले श्रीलंकाई टीम को बहुत ही कमजोर माना जा रहा था, लेकिन टीम के कुछ खिलाड़ियों ने ग्रुप स्टेज में दमदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे श्रीलंका सुपर-8 में पहुंची है. श्रीलंकाई टीम को यहां तक पहुंचाने में टीम के ओपनर बल्लेबाज पाथुम निसंका का अहम योगदान रहा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुश्किल मैच में बेहतरीन खेल दिखाया और उस मैच में उन्होंने बेहतरीन शतक लगाया.
श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में निसंका शतक लगाने वाले महेला जयर्वधने के बाद सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं. सिर्फ टी20 फॉर्मेट में ही नहीं, निसंका ने वनडे में भी कमाल किया है. निसंका श्रीलंका के लिए वनडे में डबल सेंचुरी लगाने का कारनामा कर चुके हैं. यही वजह है कि आज उन्हें श्रीलंकाई टीम का रन मशीन कहा जा रहा है, लेकिन 27 साल के इस खिलाड़ी को यहां तक पहुंचने के लिए बहुत ही संघर्ष करना पड़ा है. बता दें कि निसंका एक बेहद ही गरीब परिवार से आते हैं, लेकिन मां-पिता ने अपने बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना देखा, जिसके लिए निसंका ने भी अपनी जान लगा दी.
मुफलिसी में गुजरा निसंका का बचपन
पाथुम निसंका के पिता का नाम सुनील निसंका है. वह गाले में एक साधारण ग्राउंड बॉय के तौर पर काम करते थे. उनका काम होता था कि वह मैदान की देखभाल करें. उनकी आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल था, लेकिन उन्होंने पाथुम के क्रिकेट प्रेम को कभी दबने नहीं दिया. जब पाथुम छोटे थे तो उनके पिता के पास उन्हें अच्छे क्रिकेट किट दिलाने के पैसे नहीं होते थे. क्योंकि जीवन मुफलिसी में गुजर में रहा था.
पिता की तरह पाथुम की मां ने भी काफी संघर्ष किया. पिता की कमाई से घर चलना मुश्किल था. ऐसे में उनकी मां परिवार की आय बढ़ाने के लिए उन्होंने गाले के पास कलूतारा मंदिर के बाहर फूल और अगरबत्ती बेचने का काम किया. धूप और बारिश की परवाह किए बिना वह घंटों मंदिर के बाहर बैठती थीं ताकि पाथुम की डाइट और खेल के खर्चों के लिए कुछ अतिरिक्त पैसे जुटा सकें.
कैसा है पाथुम निसंका का करियर
पाथुम निसंका ने साल 2021 में श्रीलंका के लिए अपना डेब्यू किया था. निसंका श्रीलंका के लिए अब तक कुल 18 टेस्ट, 77 वनडे और 87 टी20 मैचों में मैदान पर उतरे हैं. टेस्ट क्रिकेट में 45 की औसत से 4 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से 1305 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट उनका सर्वोच्च स्कोर 187 रन का है. इसके अलावा उन्होंने अब तक कुल 2920 रन बनाए हैं.
वनडे फॉर्मेट में निसंका ने 40.55 की औसत से रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम 18 अर्धशतक और 7 शतक दर्ज है. इस फॉर्मेट में निसंका का सर्वोच्च स्कोर 210 रन का है, जो उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था. श्रीलंका के लिए वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं. इसके अलावा उन्होंने टी20 में 2574 रन बनाए हैं, जिसमें 18 फिफ्टी और 2 सेंचुरी है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें