shadab khan: सुपर-8 में क्या पहुंची टीम, वर्ल्ड कप जीतने के सपने देखने लगे पाकिस्तानी, भारत से पिटने का नहीं गम
Last Updated:
Shadab Khan statement: सलमान अली आगा की अगुआई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में नामीबिया को शिकस्त देकर सुपर-8 में जगह बनाई. पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने के बाद शादाब खान का बयान सामने आया है. शादाब ने कहा है कि टीम की नजरें टूर्नामेंट जीतने पर हैं. टीम इंडिया से मिली हार को लेकर शादाब ने कहा कि खिलाड़ियों को इससे आगे बढ़ जाना चाहिए.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम
नई दिल्ली. भारत से बुरी तरह हारने के बाद भी पाकिस्तान की टीम सुपर-8 में पहुंच चुकी है, क्योंकि उसने अपने आखिरी ग्रुप मैच में नामीबिया को हरा दिया. सुपर-8 में पहुंचते ही पाकिस्तान ने फिर अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. नामीबिया पर जीत के बाद ऑलराउंडर शादाब खान के कहना है कि टीम का फोकस टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर है. शादाब ने टीम इंडिया से मिली शर्मनाक पर भी बयान देते हुए कहा कि सभी को उससे आगे बढ़ जाना चाहिए. भारत से हार के बाद पाकिस्तान की उसके ही दिग्गजों ने जमकर आलोचना की थी.
शादाब खान ने कहा है कि टीम को भारत से मिली हार को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहिए. उनका कहना है कि टीम का लक्ष्य अभी भी टूर्नामेंट जीतना है और खिलाड़ी अपने मकसद को लेकर पूरी तरह साफ हैं, चाहे बाहर कितनी भी आलोचना क्यों न हो रही हो. भारत ने पाकिस्तान पर 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इस हार से पाकिस्तान का सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल लगने लगा था. हालांकि, टीम ने नामीबिया को 102 रन से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
टीम की रणनीति पर क्या बोले?
नामीबिया पर जीत के बाद शादाब ने टीम चयन और रणनीति को लेकर उठ रहे सवालों पर भी बात की. खासकर बाबर आजम को बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजने और शाहीन शाह अफरीदी को प्लेइंग इलेवन में शामिल न करने पर चर्चा हो रही थी. शादाब ने कहा, ‘एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर आप इन बातों को दिल पर नहीं ले सकते. टीम का माहौल और संदेश बिल्कुल साफ हैं. हर खिलाड़ी टीम की जीत के लिए खेल रहा है.’
जब उनसे पूछा गया कि क्या टीम अलग-अलग संयोजन आजमा रही है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है. शादाब ने कहा, ‘क्या आपको सच में लगता है कि पाकिस्तान इतनी ज्यादा प्रयोग करता है? हमारे संदेश साफ हैं. अगर बाबर को बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया, तो उन्हें पता है कि उनका रोल कब आता है.’ उन्होंने कहा कि टीम परिस्थितियों के अनुसार बदलती है और फैसले मैच की जरूरत के हिसाब से लिए जाते हैं. भारत के खिलाफ मैच में एक महंगा ओवर डालने के बाद शादाब को पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना का सामना करना पड़ा.
उन्होंने इसे लेकर कहा, ‘मैंने इस बारे में वसीम से कोई बात नहीं की. आलोचना को आप रोक नहीं सकते. हर किसी की अपनी राय होती है. वापसी के बाद सिर्फ एक ओवर खराब गया, और उसी वजह से काफी आलोचना हुई.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे सफाई देने की जरूरत नहीं है. मैं सिर्फ वही सोचता हूं जो मेरे नियंत्रण में है. टी20 क्रिकेट में कभी रन पड़ते हैं, कभी विकेट मिलते हैं. मैं ज्यादा सोचता नहीं हूं.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें