घर पर बनाएं नानी-दादी के हाथों वाला असली छत्तीसगढ़ी हरी डिश, मेहमान जरूर पूछेंगे रेसिपी – Chhattisgarh News
जांजगीर चांपा : फूल गोभी की ढेटा (किनारे या डंठल वाला भाग) की सब्जी एक पारंपरिक देसी रेसिपी है, जिसे अक्सर लोग फेंक देते हैं, जबकि यही हिस्सा सबसे ज्यादा स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर होता है. ताज़ी फूल गोभी की भाजी से बनी यह सब्जी कम मसालों में झटपट तैयार हो जाती है. हल्के मसालों और देसी तड़के के साथ बनी यह भाजी रोटी या गरमा-गरम चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है और घर के सभी लोगों को पसंद आती है. खास बात यह है कि जांजगीर सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में इसे खूब पसंद किया जाता है. यहां बेहद आसान रेसिपी बताई गई है.
आवश्यक सामग्री: फूल गोभी की ढेटा (डंठल व किनारे का भाग), प्याज, हरी मिर्च , लहसुन, राई, जीरा, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, नमक, तेल, हरा धनिया.
बनाने की विधि:
• सबसे पहले फूल गोभी की ढेटा को अच्छे से धोकर उसके सख्त हिस्से को हल्का छील लें और बारीक टुकड़ों में काट लें, और पानी में अच्छी तरह धो ले.
• कुकर में चना दाल डाले उसके बाद भाजी को डाले, फिर हल्का उबाल ले.
• अब एक कढ़ाही में तेल गरम करें, उसमें राई और जीरा डालें, यह जब चटकने लगे तो कटा प्याज, हरी मिर्च और लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
• अब हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर हल्का सा भून लें ताकि मसालों की खुशबू निकल आए.
• अब उबले हुए गोभी भाजी को कढ़ाही में डालें, स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं, और ढककर मध्यम आंच पर 5 मिनट पकाएं, उसके बाद ढक्कन खोलकर बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी जले नहीं.
• अब आपका स्वादिष्ट गोभी भाजी बनकर तैयार हो गया है इस गरमा-गरम फूल गोभी की ढेटा भाजी को रोटी, पराठा या सादे चावल के साथ परोसें, यह सरल, पौष्टिक और किफायती गोभी भाजी की रेसिपी घर के स्वाद को और भी खास बना देती है.