सहारनपुर में जाम की समस्या का अंत! जल्द शुरू होगा फ्लाईओवर निर्माण, जानिए पूरा प्लान
Last Updated:
सहारनपुर शहर में ट्रैफिक जाम अब आम बात हो गई है. बढ़ती वाहनों की संख्या और तीन राज्यों से गुजरने वाले यात्रियों के कारण दिनभर शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है. लेकिन, अब इस जाम से राहत मिलने वाली है, क्योंकि शहर में ट्रैफिक सुधारने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं.
सहारनपुर के मुख्य विश्वकर्मा चौक से SAM इंटर कॉलेज तक फ्लाईओवर बनने से घंटाघर से अस्पताल चौक के अतिव्यस्त मार्ग पर जाम से छुटकारा मिल सकेगा. जहां पर प्रतिदिन लोगों को घंटे के जाम से जूझना पड़ता है. साथ ही, मरीजों को भी अस्पताल पहुंचने में देरी होती है. फ्लाईओवर बनने से आम व्यक्ति के साथ-साथ मरीजों की जान बचाने में भी काफी मदद मिलेगी.
फ्लाईओवर बनाने से पहले इसमें आने वाली लागत, तकनीकी पहलुओं और संभावित ट्रैफिक व्यवस्था के लाभ और नुकसान का हर एक बिंदू शामिल होगा. अस्पताल पुल, बाजोरिया रोड पर लगातार ट्रैफिक बढ़ रहा है. जिसको देखते हुए फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया है.
सहारनपुर के सबसे व्यस्त मार्ग बाजोरिया रोड पर सहारनपुर का जिला अस्पताल के स्थित होने से हर दिन मरीजों के आने की संख्या बढ़ रही है. साथ ही, बाजोरिया रोड को डॉक्टर्स लेन भी कहा जाता है. यहां पर सबसे अधिक डॉक्टर्स के क्लीनिक और अस्पताल मौजूद हैं. ऐसे में हर दिन यहां पर डॉक्टर को दिखाने आने वाले मरीजों की भीड़ रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भीड़ रहने से जहां सड़कों पर वाहनों का अतिक्रमण रहता है. वहीं, जाम भी लगना आम बात है. विश्वकर्मा चौक से होते हुए पेपर मिल रोड से दोपहिया, कार चालक आसानी से मुजफ्फरनगर के लिए निकलते हैं. इस कारण भी इस सड़क पर दिन के समय काफी भीड़ होती है. इन सभी समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने महानगर में फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा है.
सहारनपुर महानगर में जाम की समस्या अब आम हो गई है. घंटाघर चौक हो या फिर अस्पताल चौक या देहरादून चौक यहां पर दिन के समय जाम लगा रहता है. कई बार ट्रैफिक इतना अधिक होता है कि जाम घंटों तक लगा रहता है. इसी को देखते हुए महानगर को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है.
इसी के तहत पेपर मिल रोड को डीएम आवास रोड से जोड़ रहे निर्माणाधीन ROB का निर्माण भी जारी है. यहां बिजली की लाइन हटाई जा रही है. इस ROB के पूरा होने के बाद वाहनों का दबाव कम होगा. इसी तरह जिलाधिकारी आवास रोड का चौड़ीकरण कर, फोरलेन बनाए जाने की योजना भी इसी ट्रैफिक प्रबंधन रणनीति का हिस्सा है.
सहारनपुर जनपद में करीब साढ़े नौ लाख वाहन पंजीकृत है, साथ ही अनुमान के मुताबिक महानगर की आबादी साढ़े आठ लाख है. महानगर में हर साल वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है. वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते जाम की समस्या आम हो गई है. इससे निपटने और भविष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाओं पर काम चल रहा है.
SAM इंटर कॉलेज से विश्वकर्मा चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इसके लिए सेतु निगम को प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है. प्रयास है कि जल्दी ही प्रस्ताव शासन को भेजकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जाए.