जाने वाला है मटर का सीजन! गर्मी के लिए स्टोर करके रख लें अचार, एक दाना भी नहीं होगा खराब – Madhya Pradesh News
Last Updated:
Hari Matar Ka Achar Kaise Banaen: अगर आप भी मटर खाना पसंद करते हैं तो इस बार स्वाद बढ़ाने के लिए मटर का अचार जरूर बनाएं. सस्ती मिल रही हरी मटर से झटपट तैयार होने वाला यह अचार खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है. हल्के मसालों साथ तैयार यह रेसिपी लंबे समय तक सुरक्षित रहती है.
Instant Hari Matar Ka Achar: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में हरी मटर की बंपर पैदावार से बाजार में कीमतें घटी हुई हैं. सस्ती मटर मिलने से लोग इसकी सब्जी तो बना ही रहे हैं, लेकिन मटर का अचार भी खूब पसंद किया जा रहा है. सरसों तेल, राई और मसालों से तैयार यह चटपटा अचार खाने का स्वाद बढ़ा देता है और इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.
रसोईया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि हरे मटर का अचार स्वाद में चटपटा होने के साथ-साथ कम समय में तैयार हो जाता है, इसलिए लोग इसे अपनी रोजमर्रा की थाली में शामिल कर रहे हैं. मटर का अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि लंबे समय तक सुरक्षित भी रखा जा सकता है.
हरे मटर का अचार कैसे बनाएं
रसोईया प्रियंका सिंह ने बताया मटर का अचार बनाने के लिए दानेदार हरी मटर का चयन किया जाता है. सबसे पहले मटर के दानों को अच्छी तरह धोकर कपड़े पर फैलाकर सुखाया जाता है, ताकि उसमें जरा भी नमी न रहे. नमी रहने से अचार जल्दी खराब हो सकता है. इसके बाद एक कड़ाही में आधा कप सरसों का तेल गर्म किया जाता है. तेल अच्छे से गरम होने पर उसमें एक छोटा चम्मच राई डाली जाती है. राई के चटकते ही एक-एक छोटा चम्मच सौंफ और कलौंजी मिलाई जाती है, जिससे मसालों की खुशबू उठने लगती है.
प्रियंका सिंह ने आगे बताया कि हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मसालों को धीमी आंच पर हल्का भून लिया जाता है. जब मसाले तैयार हो जाएं तो सूखी हुई मटर उसमें डालकर अच्छी तरह मिलाई जाती है. करीब 5 से 6 मिनट तक धीमी आंच पर पकाने से मसाला मटर में अच्छी तरह समा जाता है. लास्ट में आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर और एक छोटा चम्मच नींबू का रस डालकर गैस बंद कर दी जाती है.
अचार को हल्की धूप दिखाएं
अचार को पूरी तरह ठंडा होने के बाद सूखे कांच या चीनी मिट्टी के बर्तन में डालकर रखा जाता है. अचार को दो-तीन दिन तक हल्की धूप में रखने से उसकी नमी खत्म हो जाती है. वह लंबे समय तक सुरक्षित रहता है. साथ ही अचार निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का उपयोग करना चाहिए. विंध्य क्षेत्र में सस्ती मटर की उपलब्धता ने मटर के अचार को इस मौसम की खास रेसिपी बना दिया है.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें