स्टेडियम के टॉयलेट गई थी महिला, पीछे-पीछे आया शख्स और बना लिया वीडियो, पुलिस केस दर्ज
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुई वुमेन्स थ्रोबॉल एंड क्रिकेट (WTC) टूर्नामेंट से एक चिंता बढ़ाने वाली खहर आई है. यहां 32 वर्षीय एक महिला का आरोप है कि कोरमंगला स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित टूर्नामेंट के दौरान जब वह टायलेट गई थी, तभी किसी ने चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. पुलिस में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि एक अंजान शख्स इस वीडियो के जरिये उसे ब्लैकमेल कर रहा है और पैसों के साथ प्राइवेट वीडियो कॉल की मांग कर रहा है.
येलहंका की रहने वाली पीड़िता के अनुसार यह घटना टूर्नामेंट के दूसरे दिन हुई. यह टूर्नामेंट 6 से 8 फरवरी के बीच आयोजित किया गया था. महिला ने 13 फरवरी को साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क कर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई.
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का सिलसिला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने सबसे पहले उसकी एक दोस्त से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया था, यह समझते हुए कि वह अकाउंट पीड़िता का ही है. जब दोस्त को आरोपी के पास मौजूद कथित वीडियो और तस्वीरों की जानकारी मिली तो उसने तुरंत पीड़िता को इसकी सूचना दी.
इसके बाद आरोपी ने सीधे पीड़िता को धमकाना शुरू कर दिया. आरोप है कि वह निजी वीडियो कॉल करने और नकद पैसे देने का दबाव बना रहा था. आरोपी ने चेतावनी दी कि अगर उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो महिला के और निजी वीडियो व तस्वीरें ऑनलाइन सार्वजनिक कर दी जाएंगी.
पुलिस के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी का असली निशाना पीड़िता थी या उसकी दोस्त, क्योंकि ब्लैकमेलिंग दोनों तक पहुंची है. इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है.
पिछले साल भी सामने आया था ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि पिछले साल भी कोरमंगला इलाके में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था. अप्रैल 2025 में एक महिला ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया था कि उसे एक लोकप्रिय मिठाई और स्नैक्स की दुकान के महिला शौचालय में गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया गया था. महिला ने शौचालय इस्तेमाल करते समय दीवार के एक गैप में छिपा मोबाइल फोन देखा, जिससे उसे रिकॉर्ड किए जाने का अहसास हुआ.
महिला ने आरोप लगाया था कि स्टोर मैनेजर से शिकायत करने के बावजूद उसे कोई मदद नहीं मिली, जिसके बाद उसने पुलिस को बुलाया. सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी की पहचान हुई, जिसने अपराध स्वीकार करते हुए वीडियो डिलीट करने का दावा किया था.
पीड़िता का यह भी आरोप था कि रेस्टोरेंट स्टाफ और एक वरिष्ठ अधिकारी ने उसे मामला आगे न बढ़ाने के लिए मनाने की कोशिश की. बाद में संबंधित रेस्टोरेंट आनंद स्वीट्स एंड सेवोरीज़ ने बयान जारी कर घटना की निंदा की और जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही. कंपनी ने बताया था कि आरोपी टेक्नीशियन ने बाहर लगी स्कैफोल्डिंग के जरिए शौचालय तक पहुंच बनाई थी.
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मौजूदा मामले में तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.