धुरंधर 2 की शूटिंग पर BMC सख्त, आदित्य धर ने सेफ्टी नियमों करी अनदेखी? अब प्रोडक्शन हाउस पर ब्लैकलिस्ट होने की गाज

Share to your loved once


नई दिल्ली. ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस को धुआं धुआं कर दिया. न सिर्फ भारत में कश्मीर से कन्याकुमारी तक फिल्म को काफी पसंद किया बल्कि विदेशों में भी आदित्य धर की काफी सराहना की गई. फिल्म ओटीटी पर आई तो पाकिस्तान सहित गल्फ देशों में छा गई, जहां इसे थिएटर्स में बैन किया हुआ था. फिल्म ने रिलीज के दो महीने बाद तक रोज एक नए रिकॉर्ड बनाए. अब फैंस 19 मार्च को आने वाले फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन फिल्म के रिलीज से पहले इसकी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं. फिल्म की शूटिंग को लेकर बड़ा विवादखड़ा होता नजर आ रहा है.

फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की शूटिंग के दौरान बार-बार सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है. खबर है कि बीएमसी ने आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस बी62 स्टूडियोज को मुंबई में फिल्मांकन से स्थायी रूप से प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) करने की सिफारिश की है.

शूटिंग के दौरान हुआ कई बार उल्लंघन

बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, साउथ मुंबई के ए वार्ड में हाल ही में हुई शूटिंग के दौरान पुलिस और सिविक गाइडलाइंस का कई बार उल्लंघन किया गया. डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर (जोन I) ने बी62 स्टूडियोज के साथ-साथ दो दूसरे आवेदकों कोमल पोखरियाल और नासिर खान को ब्लैकलिस्ट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अगर यह मंजूर हो जाता है तो ये तीनों महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पोर्टल के माध्यम से शूटिंग परमिशन के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे.

1 लाख के जुर्माने के साथ बी62 स्टूडियोज पर ब्लैकलिस्ट की गाज

एक बीएमसी अधिकारी ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया, ‘क्लीयरेंस मिलने के बाद, तीन आवेदक कोमल पोखरियाल, नासिर खान और बी62 प्रोडक्शन हाउस अब महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट सीएल वेबसाइट पर शूट परमिशन के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे. मंगलवार को हम इन तीनों को कार्रवाई की सूचना देने वाली नोटिस जारी करेंगे और इसकी कॉपी महाराष्ट्र फिल्म सेल और बीएमसी के बिजनेस सेल हेड को भी भेजी जाएगी.’ बीएमसी ने 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का भी प्रस्ताव दिया है. आरोप है कि शूटिंग के दौरान एक इमारत की छत पर फिल्मिंग की गई और दो जेनरेटर वैन बिना मंजूरी के चलाए गए. इसके अलावा, पहले जमा किए गए 25,000 रुपये की जमानत राशि जब्त करने की सिफारिश की गई है.

क्या है पूरा मामला?

बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण मुंबई के ‘A वार्ड’ क्षेत्र में जनवरी और फरवरी के दौरान हुई शूटिंग में बार-बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया. 30 जनवरी को मोदी स्ट्रीट और पेरिन नरिमन स्ट्रीट के बीच शूटिंग की अनुमति दी गई थी. शर्तों में स्पष्ट था कि किसी भी प्रकार के पटाखों या ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग नहीं किया जाएगा. हालांकि, 7 और 8 फरवरी को कथित तौर पर इन शर्तों का उल्लंघन किया गया. इसके बाद जमा राशि जब्त कर ली गई और ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी दी गई.

देर रात शूट और मशाल विवाद

इसके बावजूद कोमल पोखरियाल के नाम से 13-14 फरवरी के लिए नई अनुमति मांगी गई. पहले आवेदन को रद्द किया गया, फिर संशोधित आवेदन में 14 फरवरी की रात 12:30 से सुबह 4 बजे तक शूटिंग की अनुमति मांगी गई. अधिकारियों के मुताबिक, आवेदक ने आश्वासन दिया था कि किसी भी ज्वलनशील सामग्री का उपयोग नहीं होगा और हेरिटेज प्रीसिंक्ट में अस्थायी संरचना के लिए संबंधित अनुमति भी ली जाएगी. लेकिन 14 फरवरी को करीब 12:45 बजे शिकायत मिली कि शूटिंग के दौरान जलती मशालों का इस्तेमाल हो रहा है. पुलिस मौके पर पहुंची और पांच जलती मशालें जब्त कीं. अधिकारियों का कहना है कि यह मुंबई पुलिस और नगर निगम द्वारा तय सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन था.

शूटिंग परमिशन की प्रक्रिया और होगा सख्त

जानकारी के मुताबिक, बीएमसी अब शूटिंग परमिशन की प्रक्रिया को और सख्त बनाने पर विचार कर रही है. पिछले कुछ वर्षों में मुंबई में फिल्म शूटिंग के दौरान कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जहां ट्रैफिक जाम, शोर और सुरक्षा उल्लंघन की शिकायतें आई हैं. इस घटना से बॉलीवुड में सुरक्षा नियमों की पालना पर बहस छिड़ गई है. फिल्म इंडस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि ऐसे उल्लंघन से न केवल प्रोडक्शन प्रभावित होता है, बल्कि शहर की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है. बीएमसी के इस कदम से अन्य प्रोडक्शन हाउस को भी सबक मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP