Indian Sportswoman of the Year Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना को बड़ा सम्मान, बीबीसी ने दिया ‘इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर 2025’ अवॉर्ड

Share to your loved once


नई दिल्ली: महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाली भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सोमवार को यहां एक भव्य समारोह में 2025 की बीबीसी ‘इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर (साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी)’ पुरस्कार के लिए चुना गया.

शतरंज की युवा प्रतिभा दिव्या देशमुख को 20 वर्ष की उम्र में फिडे महिला विश्व कप जीतने के लिए साल की सर्वश्रेष्ठ उभरती हुई खिलाड़ी का पुरस्कार मिला. पैरा एथलीट प्रीति पाल को 2024 पेरिस पैरालंपिक में ट्रैक एवं फील्ड में दो कांस्य पदक जीतने के लिए साल की सर्वश्रेष्ठ महिला पैरा खिलाड़ी चुना गया.

पूर्व निशानेबाज अंजलि भागवत को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वह ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज रही हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के साथ मौजूद मंधाना ने वीडियो संदेश में कहा:

बीबीसी का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे साल का सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार दिया. 2025 महिला क्रिकेट के लिए खास साल रहा, खासकर साल के अंत में विश्व कप जीतना. मुझे खुशी है कि मैं भारत की जीत में योगदान दे सकी.

बाएं हाथ की 29 वर्षीय यह बल्लेबाज महिला वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतकों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं और मौजूदा खिलाड़ियों में कुल रनों के मामले में विश्व में तीसरे स्थान पर काबिज हैं.

महाराष्ट्र के सांगली शहर की रहने वाली मंधाना को क्रिकेट की प्रेरणा उनके पिता और भाई से मिली, जो जिला स्तर पर खेल चुके हैं.

पिछले वर्ष सितंबर में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 गेंदों में शतक जड़कर 50 ओवर अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में किसी भी भारतीय (पुरुष और महिला) द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया, जो पहले विराट कोहली के नाम था.

पुरस्कार विजेताओं का चयन लिएंडर पेस, दीपा मलिक और अंजू बॉबी जॉर्ज की जूरी ने किया.

बीबीसी न्यूज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोनाथन मुनरो ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये खिलाड़ी खेल उत्कृष्टता का सर्वोत्तम उदाहरण पेश करते हैं और बीबीसी विश्व सेवा ऐसी प्रेरक कहानियों को भारत और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.

समारोह में अन्य श्रेणियों में भी खिलाड़ियों और खेलों के जरिए बदलाव लाने वालों को सम्मानित किया गया. बीबीसी ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर’ 2025 पुरस्कार के विजेता:

  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम-विश्व कप जीत के लिए.
  • भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम-विश्व कप जीत के लिए.
  • भारतीय महिला कबड्डी टीम – विश्व कप जीत के लिए.
  • सिमरन शर्मा, एकता भयान, दीप्ति जीवांजी, प्रीति पाल- विश्व  पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए.

बीबीसी ‘चेंजमेकर्स ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के विजेता:

  • भारतीय महिला आइस हॉकी टीम: गैर-परंपरागत खेल में बाधाओं को पार करने के लिए.
  • राजबीर कौर: भारतीय  हॉकी खिलाड़ी और भारतीय राष्ट्रीय महिला टीम की पूर्व कप्तान.
  • सविता पूनिया: भारतीय हॉकी खिलाड़ी और राष्ट्रीय टीम की मौजूदा सदस्य.
  • पानी देवी: खेल जगत में जमीनी स्तर पर प्रभावशाली योगदान के लिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP