जिम्बाब्वे ने भरी हुंकार… ऑस्ट्रेलिया का गेम ओवर करने की खाई कसम, मैच से पहले गरजे सिकंदर
Last Updated:
T20 World Cup 2026 Zimbabwe vs Ireland: टी-20 विश्व कप 2026 का पहला उलटफेर जिम्बाब्वे के हाथों ऑस्ट्रेलिया की हार के साथ हुआ था. अब ये उलटफेर कंगारुओं को काफी भारी पड़ता नजर आ रहा है. ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में दूसरी बार हार चुकी है. जिम्बाब्वे के बाद श्रीलंका से करारी शिकस्त के बाद उस पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है.

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम
पाल्लेकल: जिम्बाब्वे के पास टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में पहुंचने का सुनहरा मौका है. जिम्बाब्वे ने शुक्रवार को कोलंबो में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर चौंका दिया था. अब सह मेजबान श्रीलंका ने सोमवार की रात कंगारुओं को हराते हुए उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने की सारी व्यवस्था कर दी है. अगर आज जिम्बाब्वे किसी भी तरह आयरलैंड का हरा देता है तो सुपर-8 में पहुंच जाएगा और इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा.
आयरलैंड के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि उनकी टीम टी-20 विश्व कप के अगले मैच में चूक जाती है तो ऑस्ट्रेलिया पर मिली उलटफेर भरी जीत का कोई महत्व नहीं रहेगा. रजा ने मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा:
हम जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया पर जीत हमारी यात्रा का सिर्फ एक हिस्सा है, लेकिन हर अगला मैच सबसे महत्वपूर्ण होता है. अगर अब हम फिसल गए तो पिछली जीत का कोई मतलब नहीं रहेगा. सभी खिलाड़ी पूरी तरह लक्ष्य पर केंद्रित हैं. कल यात्रा का दिन था, उसके बाद विश्राम मिला और आज हमने अच्छा अभ्यास किया. मेरे लिए कल का मैच एक और मुकाबला है. शायद यह सबसे अहम मुकाबला है.
आयरलैंड के खिलाफ मैच के बाद जिम्बाब्वे 19 फरवरी को ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में मेजबान श्रीलंका का सामना करेगा. शुरुआती दो मैच में चार अंक लेकर टीम पॉइंट्स टेबल में अच्छी स्थिति में है. रजा ने स्वीकार किया कि सुपर आठ में जगह बनाने की संभावना से आगामी मुकाबलों का दबाव अलग तरह का होगा. उन्होंने कहा:
यह अच्छी स्थिति है. दो जीत के बाद दुनिया जिम्बाब्वे की बात कर रही है, लेकिन हमें अपने खेल पर ध्यान देना है. आईसीसी टूर्नामेंट की खूबी यही है कि हर मैच नॉकआउट जैसा लगता है. असली चुनौती दुनिया की उम्मीदों से ज्यादा अपनी अपेक्षाओं को संभालने की है.
रजा ने कहा कि आईसीसी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन खिलाड़ियों के जीवन को बदल सकता है. उन्होंने कहा, ‘दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना पहचान, सम्मान, आर्थिक लाभ, हर तरह से जीवन बदलता है. हम अगर अच्छा करते हैं तो यह ऐतिहासिक उपलब्धि होगी और हम अपनी कहानी आगे लिखते रहना चाहेंगे.’
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें