रिसर्च, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी… AI के जरिए भारत में गढ़ी जा रही भविष्य की नींव, PM मोदी ने दुनिया को दिया संदेश
Last Updated:
India AI Impact Expo 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत की प्रगति न केवल देश के लिए बदलावकारी समाधान तैयार करेगी, बल्कि वैश्विक विकास में भी योगदान देगी.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कृत्रिम मेधा (एआई) पर ‘भारत मंडपम’ में आयोजित प्रदर्शनी ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो’ का सोमवार को उद्घाटन किया. इस प्रदर्शनी में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भाग ले रहे हैं. इसके साथ 13 देशों के मंडप भी स्थापित किए गए हैं, जो एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रदर्शनी का उद्घटान करने के बाद इसमें हिस्सा ले रही स्टार्टअप कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया. उन्होंने विभिन्न स्टॉल पर जाकर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की. उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से उनके द्वारा प्रदर्शित उत्पादों के बारे में सवाल पूछे. प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए विभिन्न स्टॉल पर कई मिनट बिताए.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया. नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकी प्रेमियों के बीच रहकर एआई, भारतीय प्रतिभा और नवाचार की असाधारण क्षमता की झलक मिलती है. हम मिलकर ऐसे समाधान तैयार करेंगे जो न केवल भारत बल्कि दुनिया के लिए उपयोगी होंगे.” इस प्रदर्शनी में वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान एवं शोध संगठन, केंद्र एवं राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय साझेदार एक मंच पर इकट्ठा हुए हैं.
लगभग 70,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली यह प्रदर्शनी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप, अकादमिक एवं शोध संस्थानों, केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक साथ लाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्रदर्शनी में 13 देशों के मंडप भी हैं जो एआई पारिस्थितिकी में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं. इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के मंडप शामिल हैं.
यह आयोजन ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ यानी लोग, ग्रह एवं प्रगति विषयवस्तु पर आधारित तीन चक्रों में व्यवस्थित किया गया है. एक्सपो में 300 से अधिक क्यूरेटेड प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमो भी शामिल हैं.
प्रदर्शनी में 600 से अधिक उच्च संभावना वाले स्टार्टअप शामिल होंगे, जिनमें से कई वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक और आम लोगों के लिए समाधान विकसित कर रहे हैं. ये स्टार्टअप ऐसे कार्यशील समाधान का प्रदर्शन करेंगे जो पहले से ही वास्तविक दुनिया में लागू हैं.