How to clean tamarind before making pulp, इमली का पल्प कैसे साफ करें और स्टोर करें सही तरीका और टिप्स.
Last Updated:
इमली का खट्टा-मीठा स्वाद कई भारतीय व्यंजनों की जान होता है, लेकिन पल्प बनाने से पहले इसे सही तरीके से साफ करना बेहद जरूरी है. बाजार से लाई गई इमली में धूल, रेशे और गंदगी हो सकती हैं, जो सीधे इस्तेमाल करने पर स्वाद और सेहत दोनों पर असर डाल सकती हैं. इसलिए जानिए, इमली को साफ करने और शुद्ध पल्प तैयार करने का सही और आसान तरीका.

इमली का पल्प कई तरह की डिशेज में इस्तेमाल होता है, जैसे सांभर, चटनी, पानीपुरी का पानी या खट्टे-मीठे करी व्यंजन. लेकिन अक्सर लोग सीधे इमली भिगोकर उसका गूदा निकाल लेते हैं, बिना उसे अच्छी तरह साफ किए. बाजार से लाई गई इमली में धूल, मिट्टी, बीज के टुकड़े, रेशे या कभी-कभी छोटे कण भी मौजूद हो सकते हैं. इसलिए पल्प बनाने से पहले इमली को ठीक तरह से साफ करना बेहद जरूरी है, ताकि स्वाद भी अच्छा आए और सेहत पर भी कोई असर न पड़े.
सबसे पहले इमली को ध्यान से चुनें. अगर आप ढीली (खुली) इमली खरीद रहे हैं, तो कोशिश करें कि वह ज्यादा सूखी या काली पड़ी न हो. पैक्ड इमली ले रहे हैं तो उसकी एक्सपायरी डेट और क्वालिटी जरूर देखें. अब इमली को एक साफ प्लेट या थाली में फैलाकर उसमें मौजूद डंठल, सख्त छिलके और बड़े बीज अलग कर लें. कई बार इमली में धागेनुमा रेशे या छोटे कंकड़ भी मिल जाते हैं, जिन्हें हाथ से निकालना जरूरी है. यह पहला और सबसे महत्वपूर्ण स्टेप है.
अब एक बड़े बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें इमली को 15–20 मिनट के लिए भिगो दें. भिगोने से इमली नरम हो जाती है और उसके अंदर छिपी गंदगी ढीली पड़ जाती है. जब इमली अच्छी तरह फूल जाए, तो हाथों से उसे हल्के-हल्के मसलें. ऐसा करने से उसका गूदा पानी में घुलने लगेगा. इस दौरान ऊपर तैरने वाली गंदगी या रेशे को निकाल दें. अगर पानी बहुत ज्यादा गंदा दिखे, तो पहला पानी फेंककर दोबारा साफ गुनगुने पानी में इमली डालें और फिर से मसलें. जब इमली पूरी तरह घुल जाए, तो उसे एक बारीक छलनी या सूती कपड़े से छान लें. इससे बीज, रेशे और बाकी बची अशुद्धियां अलग हो जाएंगी और आपको स्मूद पल्प मिलेगा.
अगर आपको ज्यादा गाढ़ा पल्प चाहिए, तो कम पानी डालें, और पतला चाहिए तो थोड़ा और पानी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि पल्प पूरी तरह साफ और बिना कणों वाला हो. अब तैयार पल्प को एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखें. यह 4–5 दिन तक के लिए स्टोर किया जा सकता है. अगर आप इसे लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो आइस ट्रे में भरकर फ्रीज कर सकते हैं और जरूरत के अनुसार क्यूब्स निकाल सकते हैं. सही तरीके से साफ और तैयार किया गया इमली का पल्प न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि आपकी रेसिपी को भी बेहतर बनाता है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें