Bhupen Borah Quit Party: चुनाव से पहले असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोराह ने छोड़ी पार्टी
Last Updated:
Bhupen Borah Quit Party In Assam:असम में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है. पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भूपेन कुमार बोराह ने पार्टी छोड़ दी है. उन्होंने पार्टी के भीतर खुद की अनदेखी होने का आरोप लगाया है. वह 2021 से 2025 तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे.

असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोहरा ने पार्टी छोड़ी दी है. फोटो- IANS
Bhupen Borah Quit Party In Assam: असम कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले करारा झटका लगा है. पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भूपेन कुमार बोराह ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने 32 वर्षों की लंबी राजनीतिक यात्रा के बाद पार्टी छोड़ने का फैसला किया है. बोराह ने कहा कि यह फैसला उन्होंने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए लिया गया है. भूपेन बोराह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने सुबह करीब 8 बजे अपना इस्तीफा पत्र पार्टी की केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है.
भूपेन बोराह ने अपनी राजनीतिक जीवन की याद दिलाते हुए कहा कि मैंने कांग्रेस पार्टी को अपने जीवन के सुनहरे वर्ष समर्पित किए हैं. मैंने 32 साल पार्टी के लिए दिए. वे 2021 से 2025 तक असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे. इस दौरान उन्होंने पार्टी को मजबूत करने की कोशिश की, लेकिन मई 2025 में उनकी जगह लोकसभा सांसद गौरव गोगोई को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया.
बोहरा दो बार के विधायक रहे
2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बीजेपी के मजबूत गढ़ को चुनौती देने की तैयारी कर रही है, लेकिन लगातार आंतरिक कलह से उसकी स्थिति कमजोर हो रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बोराह का जाना पार्टी में और असंतोष को बढ़ावा दे सकता है और आगे भी कुछ और नेता इस्तीफा दे सकते हैं. बोराह ने भविष्य की राजनीतिक योजना पर कहा कि वे अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से विचार-विमर्श के बाद फैसला लेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफा अंतिम है और वापस नहीं लिया जाएगा. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है, हालांकि उन्होंने विस्तार से टिप्पणी नहीं की.
कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों ने इस्तीफे की पुष्टि की है. पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे नजरअंदाज करने की कोशिश कर रहे हैं और बोराह से पुनर्विचार की अपील कर रहे हैं. हालांकि, यह स्पष्ट है कि असम में कांग्रेस की एकता पर सवाल खड़े हो गए हैं. यह घटना राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला सकती है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें