ओ’रोमियो फिल्म की रेटिंग BookMyShow से कोर्ट आदेश पर हटाई गई
Last Updated:
शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ पर डार्क थीम की वजह से सवाल उठ रहे थे और अब रिलीज के बाद फिल्म की रेटिंग पर हलचल मची हुई है. ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माई शो से शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ रोमियो’ का रिव्यू हटा दिया गया है. इसके पीछे कोर्ट के निर्देश का हवाला दिया गया है.

‘ओ’ रोमियो’ की रेटिंग हटा दी गई है.
नई दिल्ली. ‘ओ’रोमियो’ को लेकर विवाद उस समय बढ़ गया जब दर्शकों ने ऑनलाइन रेटिंग देना शुरू किया और अचानक इसका रिव्यू सेक्शन ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माई शो से हटा दिया गया. अब फिल्म के पेज पर रेटिंग और दर्शकों के लिखित रिव्यू की जगह एक नोटिस दिखाई दे रहा है, जिसमें कहा गया है कि कोर्ट के आदेश के तहत इस फिल्म के रीव्यू सेक्शन को हटा दिया गया है.
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस क्राइम-ड्रामा में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. रिलीज के बाद फिल्म को समीक्षकों से अधिकतर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, हालांकि कुछ प्रतिक्रियाएं मिली-जुली भी रहीं. शुरुआत में प्लेटफॉर्म पर इसकी ऑडियंस रेटिंग करीब 6.8 थी, जो शनिवार तक बढ़कर 7 पहुंच गई. हालांकि कुछ समय बाद फिल्म की रेटिंग गायब हो गई.
प्लेटफॉर्म ने नहीं बताई वजह
फिल्म के पेज पर अब भी ट्रेलर देखा जा सकता है और यह जानकारी मौजूद है कि एक लाख से ज्यादा यूजर्स ने इसमें रुचि दिखाई है. हालांकि, रेटिंग और कमेंट्स फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं. इस कदम के पीछे की वजह के बारे में न तो प्लेटफॉर्म और न ही फिल्म के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है.
ओ रोमियो के हटा दिए गए रिव्यू
इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि हिंदी फिल्मों के मामले में यह शायद पहला मौका है जब किसी फिल्म से जुड़ी ऑडियंस रेटिंग हटाने के लिए कोर्ट का सहारा लिया गया हो. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ‘रिव्यू बॉम्बिंग’ यानी जानबूझकर किसी फिल्म की रेटिंग गिराने के आरोप बढ़ते जा रहे हैं. दूसरी ओर, एक सेक्शन का दावा है कि कुछ लोग पैसे लेकर फिल्म की रेटिंग बढ़ा देते हैं.
फिल्म में विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. इसकी कहानी लेखक हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वींस ऑफ मुंबई के एक हिस्से से प्रेरित बताई जाती है, जिसमें प्यार, अपराध और जुनून के जटिल रिश्तों को दिखाया गया है.
About the Author
प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें