लोकल स्वाद का ग्लोबल टेस्ट! शुरुआती गर्मी में दाल बड़ा की सब्जी का जलवा, नोट करें फटाफट वाली रेसिपी – Chhattisgarh News
Last Updated:
Dal Vada Sabji Recipe: बिलासपुर की रहने वालीं भाग्यवती ने लोकल 18 से कहा, ‘गर्मी शुरू होते ही हम हल्का और देसी खाना बनाते हैं. दाल बड़ा की सब्जी घर के सभी लोगों को पसंद है और यह सब्जी जल्दी भी बन जाती है.’
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्मी की शुरुआत के साथ ही लोगों के खानपान में बदलाव नजर आने लगा है. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण अब लोग हल्का, कम मसालेदार और आसानी से पचने वाला खाना पसंद कर रहे हैं. ऐसे में पारंपरिक देसी व्यंजन दाल बड़ा (वड़ा) की सब्जी एक बार फिर घरों में लोकप्रिय हो रही है. उड़द दाल से बने बड़े जब हल्की मसालेदार ग्रेवी में पकते हैं, तो उनका स्वाद लोगों को बेहद पसंद आता है. यह सब्जी न केवल स्वादिष्ट होती है बल्कि शरीर को ऊर्जा भी देती है. यही वजह है कि गर्मी की शुरुआत में दाल बड़ा की सब्जी लोगों की थाली में खास जगह बना रही है.
गर्मी की शुरुआत में तली-भुनी और भारी चीजें कम पसंद की जाती हैं. दाल बड़ा की सब्जी, जिसमें प्रोटीन से भरपूर दाल और हल्के मसालों की ग्रेवी होती है, शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन को भी दुरुस्त रखती है. यही वजह है कि यह व्यंजन फिर से लोगों की थाली में जगह बना रहा है.
बिलासपुर की गृहिणी भाग्यवती लोकल 18 से कहती हैं, ‘गर्मी शुरू होते ही हम हल्का और देसी खाना बनाते हैं. दाल बड़ा की सब्जी घर के सभी लोगों को पसंद है और यह जल्दी भी बन जाती है.’
दाल बड़ा सब्जी की रेसिपी
उन्होंने दाल बड़ा सब्जी की रेसिपी बताते हुए कहा कि उड़द दाल को 4-5 घंटे भिगोकर दरदरा पीस लें. नमक और थोड़ी सी हींग मिलाकर छोटे-छोटे बड़े बनाएं और हल्के तेल में तलें या चाहें तो कम तेल में ऐपम पैन में सेक लें. कड़ाही में थोड़ा तेल गरम कर जीरा, राई और करी पत्ता का तड़का लगाएं. प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन डालकर हल्का भूनें. हल्दी, धनिया पाउडर और कम लाल मिर्च डालें.
हरा धनिया बढ़ाता स्वाद
उन्होंने आगे कहा कि मसाला पकने पर पर्याप्त पानी डालकर पतली ग्रेवी बनाएं और बड़े डालकर 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालें और गरम-गरम रोटी या चावल के साथ परोसें. गर्मी की शुरुआत में यह पारंपरिक व्यंजन न केवल स्वाद का अहसास कराता है बल्कि शरीर को हल्का और ऊर्जावान भी बनाए रखता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.