Harbhajan Singh on Abhishek Sharma-Usman Tariq:उस्मान तारिक को सबक सिखाएंगे अभिषेक… हरभजन की मिस्ट्री स्पिनर को वॉर्निंग
Last Updated:
Harbhajan Singh on Abhishek Sharma-Usman Tariq: हरभजन सिंह का कहना है कि अभिषेक शर्मा पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक को सबक सिखा सकते हैं. भज्जी ने कहा कि अभिषेक ने फिटनेस साबित कर दी है और इससे वह खुश हैं. हरभजन ने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को अच्छा प्रदर्शन करेगी. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम की सुपर 8 में जगह पक्की हो जाएगी.

हरभजन सिंह ने अभिषेक के फिट होने पर जताई खुशी.
कोलंबो. पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अभिषेक शर्मा के फिट होने पर खुशी जताई और कहा कि इस आक्रामक ओपनर की मौजूदगी भारत को पाकिस्तान के खास स्पिनर उस्मान तारिक का सामना करने में मदद करेगी जब दोनों टीमें रविवार को टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी. ऑफ स्पिनर तारिक की गेंदबाजी पर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों की नजर रहेगी क्योंकि वह गेंद डालने से पहले थोड़ा रुकते हैं.
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने पीटीआई से कहा, ‘मैंने उन्हें ILT20 में गेंदबाजी करते देखा है, वहां वह बेहतरीन गेंदबाजों में से एक थे. जब भी उन्हें सेमीफाइनल और फाइनल खेलने का मौका मिला, वह ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे. वह बाकी स्पिनरों से अलग हैं और उनके पास कई तरह की गेंदें हैं.’ उन्होंने कहा, ‘लोग उनके ‘स्टैंड एंड डिलीवर’ एक्शन की बात कर रहे हैं. यह आसान नहीं है. कोई भी खड़े होकर गेंद डाल सकता है, लेकिन अलग-अलग वैरिएशन होना जरूरी है जो उनके पास है. बड़े मैदान और धीमी पिच पर उन्हें हिट करना मुश्किल है.’ हरभजन ने कहा, ‘मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जब आप ऐसे गेंदबाज के खिलाफ खेल रहे हों, जिसका पहले सामना नहीं किया हो तो थोड़ा सतर्क रहना चाहिए.
हरभजन सिंह ने अभिषेक के फिट होने पर जताई खुशी.
भारत उनसे निपट सकता है और उन्हें कोई बड़ा विकेट नहीं लेने देगा. अभिषेक की वापसी अच्छी है क्योंकि वह स्पिन को बहुत अच्छे से खेलते हैं और अपनी पारी में दबदबा बनाए रखते हैं.’ लेकिन पेट के संक्रमण से उबरकर लौटे अभिषेक स्पिनरों के खिलाफ क्या खास करते हैं, इस पर उन्होंने कहा, ‘अभिषेक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच जिताने की ताकत रखते हैं. मैंने बहुत क्रिकेट खेला है. मैं जानता हूं कि वह एक पूरे बल्लेबाज हैं जिनके पास हर तरह के शॉट हैं.’ उन्होंने कहा, ‘कई बल्लेबाजों के पास सभी शॉट नहीं होते. वह (अभिषेक) ऐसे नहीं हैं. वह पहली ही गेंद से हिट करते हैं और जब तक क्रीज पर रहते हैं, आक्रामक बने रहते हैं. इसलिए वह एक मुकम्मल बल्लेबाज हैं.’
हरभजन ने टीमों से अपील की कि वे रविवार के मैच से पहले बने माहौल को भूलकर खेल पर ध्यान दें. उन्होंने कहा, ‘इस मैच से पहले कई अड़चन थीं कि यह मैच होगा या नहीं. लेकिन अब वह सब खत्म हो चुका है. अब ध्यान क्रिकेट पर होना चाहिए जो सबसे जरूरी है. मुझे उम्मीद है कि भारत इस मैच में अच्छा खेलेगा.’ उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान भी बहुत मजबूत टीम है, खासकर इन हालात में जहां उनके स्पिनर अच्छी गेंदबाजी करते हैं. मुझे लगता है कि यह देखने लायक शानदार मुकाबला होगा.’
इस दिग्गज ने यह भी कहा कि टॉस के समय या मैच के बाद हाथ मिलाने जैसी औपचारिकताओं को लेकर ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘यह पूरी तरह खिलाड़ियों की इच्छा पर है. कहीं लिखा नहीं है कि मैच के बाद हाथ मिलाना या गले मिलना जरूरी है. मैच खेलिए, पूरी ताकत से खेलिए. अगर उसके बाद लगे कि हाथ मिलाना चाहिए या गले मिलना चाहिए तो ठीक है. अगर हम ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों की बात करें तो वे मैच के बाद साथ बैठते हैं. क्रिकेट को क्रिकेट की तरह देखना चाहिए.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें