ठांय-ठांय-ठांय, जेल से बाहर आते ही गोगी गैंग के गुर्गे की गोली मारकर हत्या, टिल्लू गैंग ने लिया बदला?
Last Updated:
Delhi Gang War: दिल्ली के रोहिणी इलाके में कुख्यात गोगी गैंग के साहिल की गोली मारकर कर हत्या कर दी गई. दरअसल, शनिवार शाम को जेल से रिहा होने के कुछ ही देर बाद ही उसकी गोली मारकर हत्या की गई. पुलिस का मानना है कि ये बदले की भावना हुआ गैंगवार हुआ. यह हत्या गोगी और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच खूनी दुश्मनी का नया अध्याय है, जिसमें पहले ही 50 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

गैंगवार से फिर दहली दिल्ली. (स्नैप)
Delhi Gang War: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर गैंगवार की खूनी रंजिश से दहल उठी है. रोहिणी (Rohini) में आज शाम यानी कि शनिवार को फिर गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी. गोगी गैंग (Gogi Gang) से जुड़ा गुर्गा जेल से रिहा होकर अभी खुली हवा में सांस भी नहीं ले पाया था कि विरोधी गैंग के बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था. उसे शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जेल की चारदीवारी के बाहर उसके दुश्मन घात लगाए बैठे हैं. आज शाम रोहिणी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने उसे एक गोली मारी, जो जानलेवा साबित हुई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
मौके पर पुलिस तैनात
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है. सड़क पर नीले रंग के क्रेट्स (Blue Crates) बिखरे पड़े हैं और एक बाइक खड़ी है, जिसके पास ही साहिल का शव पड़ा हुआ है. मौके पर भारी भीड़ जमा है और फॉरेंसिक टीम सबूत जुटाने में लगी है.
गोगी vs टिल्लू
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार (Gang War) का लग रहा है. शक की सुई सीधे टिल्लू ताजपुरिया गैंग (Tillu Tajpuria Gang) की तरफ घूम रही है. दिल्ली पुलिस का रिकॉर्ड गवाह है कि गोगी और टिल्लू गैंग के बीच की यह दुश्मनी अब तक 50 से ज्यादा लोगों की जान ले चुकी है. यह रंजिश इतनी गहरी है कि दोनों गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी और टिल्लू ताजपुरिया मारे जा चुके हैं, लेकिन उनके गुर्गे अब भी एक-दूसरे के खून के प्यासे हैं.
गोगी की कोर्ट के बाहर हत्या हुई थी
बता दें कि जितेंद्र गोगी की हत्या रोहिणी कोर्ट रूम के अंदर वकीलों के भेष में आए शूटर्स ने की थी. वहीं, इसका बदला लेते हुए गोगी गैंग के गुर्गों ने तिहाड़ जेल के अंदर टिल्लू ताजपुरिया को सुओं से गोदकर बेरहमी से मार डाला था. ऐसा लगा था कि सरगनाओं के खात्मे के बाद शांति होगी, लेकिन साहिल की हत्या ने साबित कर दिया है कि बदले की आग अभी भी धधक रही है.
पुलिस के हाथ अब तक खाली
इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि साहिल की रेकी कौन कर रहा था और जेल से बाहर आने की खबर दुश्मनों तक कैसे पहुंची. क्या यह टिल्लू की हत्या का बदला है या फिर वर्चस्व की कोई नई लड़ाई?
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें