विंध्य का दही वड़ा, ये देसी रेसिपी मेहमान नवाजी की स्पेशलिस्ट, चख लिया तो भूल जाएंगे दुकान वाला स्वाद – Madhya Pradesh News
Last Updated:
Vindhya Special Dahi Vada: उड़द और मूंग दाल से बनने वाला विंध्य का पारंपरिक बरा स्वाद में खास है. दिखने में दुकान वाले दही वड़ा जैसा, लेकिन बनाने की विधि और परोसने का तरीका एकदम अलग. इसे तड़के वाली दही में डुबोकर परोसा जाता है. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम यह बरा मेहमान नवाजी की शान है.
Vindhya Special Dahi Vada: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में पारंपरिक बरा रेसिपी मेहमान नवाजी की पहचान है. खासतौर पर ‘समधी जी के स्वागत’ यानी किसी खास मेहमान के लिए बरा परोसना बघेलखंड की परंपरा मानी जाती है. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम बरा स्वाद के साथ अपनापन भी परोसता है. विंध्य में बरा को चटनी के साथ नहीं, बल्कि तड़के वाली दही के साथ परोसा जाता है. इससे इसका स्वाद बाजार में मिलने वाले दही बड़े से भी ज्यादा लाजवाब लगता है.
रसोइया प्रियंका सिंह ने बताया, विंध्य स्पेशल बरा बनाने के लिए 1 कप धुली उड़द दाल और 1/4 कप धुली मूंग दाल ली जाती है. चाहें तो केवल उड़द दाल से भी बरा बनाया जा सकता है. दाल को अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगो दें. सुबह पानी निकालकर मिक्सी में 3-4 चम्मच पानी के साथ स्मूद पेस्ट तैयार करें. इसके बाद दाल को एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें. जब तक वह क्रीमी और हल्की न हो जाए. पानी में थोड़ा घोल डालकर जांचें, यदि वह तैरने लगे तो मिश्रण तैयार है.
नमक गुनगुने पानी में डालें
अब गुनगुने पानी में नमक और हींग मिलाएं. ध्यान रखें कि नमक दाल के पेस्ट में न डालें. हाथ गीला कर दाल का चपटा आकार दें और बीच में छेद बनाकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक सेंक लें. तैयार बरा को हींग वाले पानी में 10 मिनट के लिए डाल दें, जिससे वे फूल जाएं. फिर हल्के से निचोड़कर अलग रखें.
तड़का ही रेसिपी की खासियत
प्रियंका ने बताया, छाछ या पतली दही में काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा पाउडर मिलाएं. एक पैन में तेल गर्म कर जीरा, राई और कटी मिर्च का तड़का लगाकर छाछ में मिला दें. अब बरा को इस तड़के वाली छाछ में डुबोकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. परोसते समय ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा जीरा पाउडर डालें.
सुपाच्य और पौष्टिक
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के अनुसार, उड़द और मूंग दाल से बना बरा प्रोटीन, फाइबर और आयरन से भरपूर होता है. यह मांसपेशियों को मजबूती देता है और ऊर्जा बढ़ाता है. मूंग दाल पाचन के लिए हल्की होती है, जिससे गैस और अपच की समस्या कम होती है. दही के साथ सेवन करने पर यह प्रोबायोटिक गुणों से भरपूर पौष्टिक व्यंजन बन जाता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें