Amarnath Yatra News | Amarnath Yatra Jammu Kashmir | अमरनाथ यात्रा पर उमर अब्दुल्ला ने ऐसा क्या लिया फैसला, बीजेपी भी करने लगी खुलकर तारीफ
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Amarnath Yatra News: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी उमर अब्दुल्ला सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ती. हालांकि शुक्रवार को सदन के बाहर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां बीजेपी के कुछ विधायक मुख्यमंत्री के एक फैसले की खुलकर तारीफ करते दिखे. जानें क्या है पूरा मामला…

जम्मू-कश्मीर की उमर अब्दुल्ला सरकार ने अमरनाथ यात्रा के लिए 180 करोड़ रुपये की बड़ी राशि आवंटित की है.
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी उमर अब्दुल्ला सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ती. हालांकि शुक्रवार को सदन के बाहर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां बीजेपी के कुछ विधायक मुख्यमंत्री के एक फैसले की खुलकर तारीफ करते दिखे. मामला सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए बजट में की गई 180 करोड़ रुपये की बड़ी राशि के आवंटन से जुड़ा है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उधमपुर पश्चिम से बीजेपी विधायक पवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से अमरनाथ यात्रा के लिए 180 करोड़ रुपये का प्रावधान करना एक सकारात्मक कदम है. उन्होंने कहा कि यह फैसला जम्मू-कश्मीर में बदलते हालात को दर्शाता है. गुप्ता के मुताबिक, आज सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि कश्मीर मुख्यधारा से जुड़े और धीरे-धीरे यह प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. उन्होंने विधानसभा के माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि अब सदन में विधायक गर्व से खुद को भारतीय कहते सुनाई देते हैं, जबकि पहले अधिकतर चर्चाएं विशेष दर्जे तक सीमित रहती थीं.
पवन गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि बीजेपी भले ही सरकार की नीतियों की आलोचना करती रही हो, लेकिन अच्छे और रचनात्मक फैसलों की सराहना करना भी जरूरी है.
अमरनाथ यात्रा पर उमर अब्दुल्ला का फैसला?
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पिछले सप्ताह अपने बजट भाषण में कहा था कि उनकी सरकार पवित्र गुफा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आध्यात्मिक अनुभव को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने 2026-27 के दौरान 180 करोड़ रुपये के परिव्यय से तीर्थयात्रा के बुनियादी ढांचे को और आधुनिक बनाने का प्रस्ताव रखा. इस योजना को सीमा सड़क संगठन (BRO) के सहयोग से लागू किया जाएगा, ताकि सड़क संपर्क, आपातकालीन सेवाओं और लॉजिस्टिक सपोर्ट को बेहतर बनाया जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा था कि इससे अमरनाथ यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक बनेगी.
बीजेपी विधायक पवन गुप्ता ने कहा कि अमरनाथ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री का मौजूदा रुख पहले के मुकाबले बड़ा बदलाव दर्शाता है. उन्होंने कहा कि पहले उमर अब्दुल्ला की इस यात्रा को लेकर अलग राय रही है, लेकिन अब उनके विचार बदले हैं और एक भारतीय के तौर पर इस बदलाव की सराहना करना उनका कर्तव्य है.
वहीं बीजेपी विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने भी मुख्यमंत्री के बदले हुए रुख की तारीफ की. उन्होंने विधानसभा में 2008 के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उमर अब्दुल्ला ने ऐसी योजनाओं का विरोध किया था और यह बयान दिया था कि ‘एक इंच जमीन भी नहीं दी जाएगी.’
इसी तरह बहु विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा ने भी मुख्यमंत्री के फैसले की प्रशंसा की. गौरतलब है कि रंधावा ने इससे पहले सदन में जम्मू विकास प्राधिकरण की जमीन पर कथित अवैध बसावट को लेकर हंगामा किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अमरनाथ यात्रा के लिए बजट आवंटन को सराहनीय कदम बताया.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें