Ishan Kishan T20 World Cup: करोड़ों का झटका, टीम से OUT… अब मजाक-मस्ती नहीं करते ईशान किशन, बोले- बदल गया
Last Updated:
Ishan Kishan T20 World Cup: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने स्वीकार किया कि अपने व्यक्तित्व में बदलाव ने उन्हें एक बेहतर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. किशन ने पिछले महीने भारतीय टीम में वापसी के बाद से पीछे मुड़कर नहीं देखा है.

ईशान किशन
नई दिल्ली: अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ईशान किशन ने संजू सैमसन को पछाड़ते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर विकेटकीपर अपनी जगह पक्की कर ली है. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने गुरुवार रात नामीबिया के खिलाफ 24 गेंदों में 61 रन बनाए और पावरप्ले में भारत को एक विकेट पर 86 रन तक पहुंचाया.
अभिषेक शर्मा की अनुपस्थिति में खेली गई इस तूफानी पारी के चलते भारत ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में पावरप्ले में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया. भारत की जीत के बाद किशन ने पत्रकारों को बताया कि एक व्यक्ति और क्रिकेटर के रूप में उनमें क्या बदलाव आया है. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब वह पहले की तरह मजाक नहीं करते. अतीत में अपने व्यवहार के कारण उन्हें केंद्रीय अनुबंध से हाथ धोना पड़ा था. किशन ने कहा:
सच कहूं तो मुझे लगता है कि मैं अब काफी बदल गया हूं. मैं अब पहले की तरह बहुत ज्यादा मजाक नहीं करता. मुझे चुटकुले और इस तरह की चीज पसंद हैं लेकिन अब मैं हर समय ऐसा नहीं करता हूं और दो तीन घंटे के लिए ही ऐसा करता हूं. मैं अभी सिर्फ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर ध्यान दे रहा हूं, जिससे टीम और मुझे दोनों को फायदा होगा. बाकी सब चीजें गौण हैं, इसलिए मैं हमेशा मजाक नहीं करता.
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बड़े शॉट खेलने में अधिक निरंतरता हासिल कर ली है. गुरुवार को उन्होंने जेजे स्मिट के एक ओवर में चार छक्के जड़े. जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके बल्लेबाजी के तरीके में कोई बदलाव आया है जिससे उन्हें अधिक खुलकर बल्लेबाजी करने की छूट मिल रही है, तो किशन ने कहा कि वह कभी-कभी एक दो रन भी लेते हैं.
उन्होंने कहा, ‘मैं एक दो रन भी लेता हूं और अच्छी गेंदों को पूरा सम्मान भी देता हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि मैंने इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत की है. मैंने जल्दबाजी करने या उत्साहित होकर शॉट खेलने के बजाय इसे सरल रखा. मैं पिच पर शांत रहने और गेंद पर नजर रखने की कोशिश कर रहा हूं. मैं उन शॉट को खेलने की कोशिश कर रहा हूं जो मुझे पहले से आते हैं, लेकिन कभी-कभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप उत्साहित हो जाते हैं और ऐसे शॉट खेल देते हैं.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें