मामा-भांजे की जोड़ी चलती ट्रेन में हो रही थी सवाल, तभी फिसला पैर और…, देखें हैरान कर देने वाला वीडियो
Last Updated:
Chitrakoot Viral Video: चित्रकूट धाम कर्वी प्लेटफॉर्म से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दो शख्स चलती ट्रेन पर सवार होने की कोशिश करते दिखे, तभी दोनों का पैर फिसल गया, जानें फिर क्या हुआ?
चित्रकूट: अक्सर पुलिस कर्मियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन चित्रकूट जनपद में इस बार तस्वीर कुछ अलग है. यहां पुलिस की सतर्कता और साहस की मिसाल पेश हुई है. चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीम ने अपनी फुर्ती से दो लोगों की जान बचाकर एक बड़ा हादसा टाल दिया है. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की जमकर सराहना हो रही है.
चलती ट्रेन में चढ़ रहे थे मामा-भांजे
मामला उस समय का है, जब मानिकपुर जंक्शन से निजामुद्दीन की ओर जाने वाली उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से रवाना हो रही थी. ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी, इसी दौरान दिल्ली जाने के लिए पहुंचे मामा-भांजे की जोड़ी ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की बढ़ती गति के कारण दोनों संतुलन खो बैठे. जैसे ही दोनों यात्रियों का हाथ फिसला, वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच खतरनाक गैप की ओर जाने लगे थे.
चलती ट्रेन में जीआरपी पुलिस ने बचाई जान
इस दौरन प्लेटफॉर्म में ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी थाना अध्यक्ष शालिनी सिंह भदौरिया और उनकी टीम ने एक अद्भुत तत्परता दिखाई है. बिना एक पल गंवाए टीम ने दौड़ लगाई और दोनों को ट्रैक की ओर गिरने से पहले ही पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया. यह पूरा घटनाक्रम प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे पुलिसकर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना तेजी से आगे बढ़ते हैं और दोनों यात्रियों को सुरक्षित खींच लेते हैं. गिरने के कारण दोनों को हल्की चोटें आईं, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. हालांकि इसका वीडियो वायरल होने के बाद चित्रकूट के लोग पुलिस की तारीफ करते नजर आ रहे हैं और लोगों का कहना है कि पुलिस ने अगर नहीं पकड़ा होता, तो दोनों की एक साथ जान जा सकती थी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.