Tomato Pulao Recipe। झटपट टोमाटो पुलाव रेसिपी

Share to your loved once


Tomato Pulao Recipe: कई बार ऐसा होता है कि किचन में झांकते ही मूड थोड़ा डाउन हो जाता है-फ्रिज में सब्जियां कम, बनाने का मन नहीं, लेकिन भूख जोरदार. ऐसे समय पर दिमाग में सबसे बड़ा सवाल यही आता है, “अब झटपट क्या बनाएं?” अगर आप भी इस कन्फ्यूजन से गुजरते हैं, तो एक आसान और स्वाद से भरा जवाब है-टोमाटो पुलाव. यह ऐसा खाना है जो कम सामान में भी बन जाता है और स्वाद ऐसा कि प्लेट खाली होने में देर नहीं लगती. टमाटर की हल्की खटास, मसालों की खुशबू और चावल की नरमी मिलकर ऐसा टेस्ट देते हैं जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आता है.

खास बात यह है कि इसमें ज्यादा कटिंग-छांटिंग नहीं, न ही लंबी तैयारी. ऑफिस से थककर आए हों, अचानक मेहमान आ जाएं या बस कुछ चटपटा खाने का मन करे-टोमाटो पुलाव हर सिचुएशन में फिट बैठता है. ऊपर से रायता या पापड़ मिल जाए तो मजा डबल.

सामग्री
-चावल – 1 कप (20 मिनट भिगो लें)
-टमाटर – 3-4 बड़े (कटे हुए या पिसे हुए)
-प्याज – 1 बड़ा (लंबा कटा)
-अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 चम्मच
-हरी मिर्च – 2-3 (चीरा लगी)
-जीरा – 1 छोटा चम्मच
-खड़े मसाले – 1 तेजपत्ता, 1 इंच दालचीनी, 2-3 लौंग, 1 चक्रफूल
-पिसे मसाले – आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च, 1 चम्मच गरम मसाला
-तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
-नमक – स्वाद के मुताबिक
-हरा धनिया – ऊपर से डालने के लिए

बनाने का तरीका
1. सबसे पहले कुकर या गहरा पैन गैस पर रखें और उसमें तेल या घी गरम करें. तेल गरम होते ही जीरा डालें. जैसे ही जीरा चटकने लगे, सारे खड़े मसाले डाल दें. थोड़ी ही देर में खुशबू आने लगेगी-यही स्टेज सही है.

2. अब इसमें कटा प्याज और हरी मिर्च डालें. प्याज को हल्का सुनहरा होने तक चलाते रहें. इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर करीब एक मिनट भूनें ताकि कच्चापन खत्म हो जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. अब बारी है टमाटरों की. कटे या पिसे टमाटर डालें और थोड़ा नमक मिलाएं. नमक डालने से टमाटर जल्दी गलते हैं. इसे तब तक पकाएं जब तक मसाला गाढ़ा न हो जाए और किनारों पर तेल न दिखने लगे.

4. अब हल्दी, लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. भीगे चावल का पानी निकालकर मसाले में डालें और हल्के हाथ से 1-2 मिनट चलाएं ताकि हर दाना मसाले से लिपट जाए.

5. अब 2 कप पानी डालें. ऊपर से हरा धनिया डालें और एक बार मिला दें.

कुकर में बना रहे हैं: ढक्कन बंद कर 2 सीटी आने दें.
पैन में बना रहे हैं: ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर पकाएं जब तक पानी सूख न जाए और चावल नरम न हो जाएं.

गैस बंद कर 5 मिनट बाद ढक्कन खोलें और कांटे से हल्के हाथ से फुलाएं.

परोसने का मजा
गरम टोमाटो पुलाव को बूंदी रायता, पापड़ या आम के अचार के साथ परोसें. ये कॉम्बिनेशन स्वाद को और बढ़ा देता है.

स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
1. मटर या पनीर: अगर घर में हो तो थोड़ा मटर या पनीर के टुकड़े डाल सकते हैं, पुलाव और मजेदार लगेगा.

2. काजू: शुरुआत में 6-7 काजू हल्के भूनकर डाल दें, हल्की रिच फील आएगी.

3. पुदीना: टमाटर के साथ थोड़ा पुदीना डालें, खुशबू एकदम फ्रेश लगेगी.

4. नींबू रस: सर्व करते वक्त ऊपर से थोड़ा नींबू निचोड़ दें, टेस्ट और उभरकर आएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP