Brazilian President Lula’s State Visit to India 2026: AI Summit and Bilateral Talks with PM Modi | ब्राजील के राष्ट्रपति लूला का भारत दौरा: AI सम्मेलन में शिरकत और पीएम मोदी के साथ बड़ी रणनीतिक डील पर नजर
Last Updated:
Brazil President India Visit: ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा 18-22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. वे 19-20 फरवरी को दूसरे एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे और 21 फरवरी को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. उनके साथ 14 मंत्रियों और बड़े बिजनेस लीडर्स का प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है. इस दौरे का मुख्य फोकस रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक शासन में सुधारों पर आपसी सहयोग को और मजबूत करना है.

पीएम मोदी के न्योते पर भारत आ रहे ब्राजील के राष्ट्रपति. (File Photo)
नई दिल्ली: भारत और ब्राजील के बीच गहराते कूटनीतिक रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह दौरा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक मंच पर ग्लोबल साउथ की आवाज को भी नई बुलंदी देगा.
AI इम्पैक्ट समिट और हाई-प्रोफाइल मुलाकातें
राष्ट्रपति लूला अपनी यात्रा के दौरान 19-20 फरवरी को आयोजित होने वाले दूसरे ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में हिस्सा लेंगे. इस सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भी मौजूदगी रहने वाली है, जो तकनीक के क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है. लूला की इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 21 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक है. इसके अलावा, वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति लूला से भेंट करेंगे.
14 मंत्री और बड़ी कंपनियों के सीईओ का काफिला
राष्ट्रपति लूला अकेले नहीं आ रहे हैं, उनके साथ लगभग 14 मंत्रियों और शीर्ष ब्राजीली कंपनियों के सीईओ का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंच रहा है. यात्रा के दौरान एक ‘बिजनेस फोरम’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी व्यापार और निवेश की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगे. ब्राजील फिलहाल लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, और यह दौरा इस साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाएगा.
छठी बार भारत आ रहे हैं लूला: मजबूत होती दोस्ती
यह राष्ट्रपति लूला की भारत की छठी यात्रा होगी. वे पहली बार 2004 में गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनकर आए थे. गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में पीएम मोदी ने 57 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर ब्राजील की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा की थी. दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है.
About the Author
दीपक वर्मा (Deepak Verma) एक पत्रकार हैं जो मुख्य रूप से विज्ञान, राजनीति, भारत के आंतरिक घटनाक्रमों और समसामयिक विषयों से जुडी विस्तृत रिपोर्ट्स लिखते हैं. वह News18 हिंदी के डिजिटल न्यूजरूम में डिप्टी न्यूज़…और पढ़ें