कर्नाटक के CM पर हो गया फैसला? डीके शिवकुमार संग सोनिया गांधी के घर पर हाईलेवल मीटिंग, सिद्धारमैया को न्योता नहीं

Share to your loved once


होमताजा खबरदेश

कर्नाटक के CM पर फैसला? डीके संग सोनिया के घर पर मीटिंग, सिद्दारमैया गैरहाजिर

Last Updated:

DK Shivkumar News: कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर एक अहम मीटिंग हुई है. इस मीटिंग में पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए. लेकिन, कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया को नहीं बुलाया गया. इस मीटिंग के बाद शिवकुमार की बॉडी लेंगुएज काफी कंफिडेंट दिखी. ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने संभवतः उनको अगले सीएम का आश्वासन दे दिया है.

कर्नाटक के CM पर फैसला? डीके संग सोनिया के घर पर मीटिंग, सिद्दारमैया गैरहाजिरZoom

सोनिया गांधी के घर पर डीके शिवकुमार के साथ एक हाईलेवल मीटिंग हुई है. फाइल फोटो.

DK Shivkumar News:  कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान अब और तेज हो गई है. उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के साथ दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर एक अहम बैठक हुई. इस बैठक के बाद शिवकुमार ने संकेत दिए कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना है. मीडिया से बातचीत में शिवकुमार ने नेतृत्व परिवर्तन के एक सवाल पर कहा कि समय जवाब देगा.

दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास पर मुलाकात के बाद शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा- मैं 10 जनपथ आया हूं. मुझे यह बताने की जरूरत नहीं कि मैंने किससे मुलाकात की और क्यों की. मैं सड़क पर खड़े होकर राजनीति नहीं कर रहा. हमने राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात की और जो भी चर्चा होनी थी, वह हो गई. बस इतना ही. उन्होंने आगे कहा कि मैं यहां राजनीति करने आया हूं, दिल्ली की हवा खाने नहीं. जो बातें करनी थीं, वह कर ली गई हैं. समय सब कुछ बता देगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा या राहुल गांधी से मुलाकात की, तो उन्होंने जवाब टालते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से सब कुछ बताना जरूरी नहीं है.

खरगे-वेणुगोपाल से भी की मुलाकात

शिवकुमार ने बुधवार रात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की. उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचते ही मुझे सभी मुद्दों को नेतृत्व तक पहुंचाना होता है. मैंने सब कुछ चर्चा की है. सार्वजनिक रूप से हर बात नहीं बता सकता. उन्होंने असम विधानसभा चुनाव और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा का जिक्र किया. शिवकुमार ने कहा कि हमने असम चुनाव और अन्य राजनीतिक मामलों पर बात की. मैं, भूपेश बघेल और अन्य राष्ट्रीय नेता मिले और तय किया कि किस दिशा में काम करना है. हमने अपनी रिपोर्ट्स की तुलना की और असम में कांग्रेस सरकार बनाने की तैयारी की.

10 जनपथ में क्या हुआ?

सूत्रों के अनुसार शिवकुमार ने सबसे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की और असम चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. बाद में उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की, जहां कथित तौर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद का मुद्दा प्रमुखता से उठा. शिवकुमार काफी समय से राहुल गांधी से मिलने की कोशिश कर रहे थे. कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि 10 जनपथ की इन बैठकों के बाद शिवकुमार काफी आत्मविश्वास से भरे दिखे. उनके करीबी विधायक लंबे समय से पार्टी हाईकमान से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं ताकि मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति खत्म हो.

सिद्धारमैया पर निशाना?

इस बीच, शिवकुमार के भाई और पूर्व सांसद डीके सुरेश ने बुधवार को बयान दिया कि कांग्रेस में अब बाहर से आए लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है. राजनीतिक हलकों में इसे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर तंज माना जा रहा है. सिद्धारमैया पहले जनता दल (सेक्युलर) में थे और बाद में कांग्रेस में शामिल होकर दो बार मुख्यमंत्री बने. कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता इस बात से नाराज हैं कि पार्टी में सिद्धारमैया को प्राथमिकता मिल रही है. सुरेश ने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि सिद्धारमैया अपना वादा निभाएंगे, जिसे पावर-शेयरिंग फॉर्मूले के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

शिवकुमार ने दिल्ली में दोहराया कि उन्होंने और सिद्धारमैया ने राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में आपस में बात की है और उचित समय पर वह इसके बारे में बताएंगे.

कर्नाटक कांग्रेस में बढ़ती बेचैनी

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच तनाव की खबरें आती रही हैं. 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाया गया, जबकि शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद मिला. लेकिन शिवकुमार के समर्थक लगातार दबाव बना रहे हैं कि हाईकमान हस्तक्षेप कर स्थिति साफ करे. शिवकुमार के दिल्ली दौरे और उनके बयानों से साफ है कि पार्टी हाईकमान में यह मुद्दा अब गंभीरता से उठ रहा है. कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर अब सबकी नजरें टिकी हैं.

About the Author

संतोष कुमार

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP