जिस पत्नी की हो चुकी थी हत्या, उसने भेजा OTP, देख पति के छूटे पसीने, दौड़ा-दौड़ा पहुंचा थाने, फिर खुला राज
बस्ती: आजकल दुनिया में कुछ भी हो रहा है. अगर कोई मरने के बाद भी वापस आ जाए तो चौंकने जैसा कुछ नहीं होगा. ये बात हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि बस्ती जिले से कुछ ऐसी ही घटना सामने आई. 2 साल पहले एक महिला अचानक गायब हो गई थी. उसके पति को लगा था कि अब उसकी पत्नी इस दुनिया में नहीं रही. उसके मायके वालों ने हत्या करा दी होगी. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने भी मर्डर का केस दर्ज कर लिया था. जांच पड़ताल के बावजूद पुलिस को एक सुराग तक हाथ नहीं लगा. मगर फिर एक दिन कुछ ऐसा हुआ कि पुलिस से लेकर पति तक के होश उड़ गए. दरअसल, पति के मोबाइल पर एक ओटीपी आया, जिससे पता चला कि बीवी तो जिंदा है.
यह है मामला
महिला सिर्फ जिंदा ही नहीं निकली, बल्कि उसका तो दूसरा पति भी निकला. वह दूसरे राज्य में अपना नया घर बसा चुकी थी. आराम से रह रही थी. मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिलखाव गांव का है. प्रियंका की शादी 14 मई 2017 को संदीप के साथ हुई थी. शादी के 7 साल तक सबकुछ अच्छा रहा. हंसी खुशी सब चलता रहा. यहां तक कि दोनों को एक बेटा भी हुआ. मगर, फिर सबकुछ बदल गया. पति-पत्नी में अक्सर लड़ाई-झगड़े होने लगे. इससे प्रियंका बहुत परेशान रहने लगी.
परिवार पर हत्या का केस
इधर, पत्नी और बच्चे के अचानक लापता होने से संदीप परेशान हो गया. उसने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा. उसे शक हुआ कि कहीं मायके वालों ने जेवर के लालच में प्रियंका और बच्चे की हत्या तो नहीं कर दी. उसने इस शक के आधार पर पुलिस को शिकायत दी. जब पुलिस ने सुनवाई नहीं की, तो संदीप कोर्ट पहुंचा. कोर्ट के आदेश पर 4 नवंबर 2024 को प्रियंका के माता-पिता, चचेरी बहन और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया.
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली. राजस्थान पहुंचकर प्रियंका को बरामद कर लिया. संदीप ने जैसे ही अपनी पत्नी और बेटे को देखा तो वो भावुक हो गया. संदीप को प्रियंका पर गुस्सा था. उसने कहा- मैं प्रियंका को साथ नहीं रखना चाहता. बस अपने बेटे को साथ ले जाना चाहता हूं. मगर बेटे ने संदीप के साथ न सिर्फ जाने से मना कर दिया, बल्कि उसे पापा मानने से भी इनकार कर दिया. एएसपी का कहना है कि हत्या का केस कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ था. महिला के जिंदा मिलने के बाद अब कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए गए हैं. बच्चे की कस्टडी को लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है.